26 साल बाद भी छलनी हैं पहाड़! 3 मैदानी जिलों में 71% दौलत, बाकी 10 जिलों की हालत देख कांप जाएगी रूह
उत्तराखंड आज अपनी स्थापना की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए 26 वर्षों के विकास का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। सीएम ने बताया कि बीते ढाई दशकों में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार 26 गुना बढ़ा है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 18 गुना की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इसके साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और राज्य की मौजूदा विकास दर 7.83 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों के दौरान पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में पारदर्शी व्यवस्था के लिए कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण रोधी कानून, सख्त भू-कानून और सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेजी से चल रही है।
इस समग्र विकास यात्रा के बीच एक हकीकत यह भी है कि राज्य की समृद्धि आज भी मैदानों तक सिमटी नजर आती है और पहाड़-मैदान की आर्थिक खाई बरकरार है। वर्ष 2021-22 के आर्थिक आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की कुल जिला अर्थव्यवस्था में केवल तीन मैदानी जिलों—देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर की हिस्सेदारी 71.3 प्रतिशत है, जबकि बाकी 10 जिलों का कुल योगदान महज 28.7 प्रतिशत रह गया है। प्राथमिक क्षेत्र यानी कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और खनन से होने वाले कुल सकल मूल्य वर्धन (GVA) में नौ पहाड़ी जिलों ने 11,765 करोड़ रुपये जोड़े, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर ने मिलकर अकेले 10,746 करोड़ रुपये जुटाए। इसके अलावा देहरादून और नैनीताल ने 6,577 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) में मैदानी क्षेत्रों का दबदबा और अधिक देखने को मिलता है। देहरादून, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल ने मिलकर 76,114 करोड़ रुपये का जीवीए दिया, जो राज्य के कुल सेवा क्षेत्र (1,05,233 करोड़ रुपये) का करीब 72.3 फीसदी है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में हरिद्वार 3,62,688 रुपये के साथ पूरे प्रदेश में अव्वल है, जिसके बाद ऊधमसिंह नगर (2,69,070 रुपये) और देहरादून (2,35,707 रुपये) का नंबर आता है। इसके विपरीत, पहाड़ी जिलों में चमोली की प्रति व्यक्ति आय सबसे ज्यादा 1,27,330 रुपये रही, जबकि रुद्रप्रयाग 93,160 रुपये के साथ सबसे निचले पायदान पर है, जो हरिद्वार के मुकाबले लगभग चार गुना कम है।