सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार जा रहे हैं तो नोट कर लें नया ट्रैफिक प्लान
हरिद्वार में सोमवार को पड़ने वाले सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। लाखों श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए जुटने की संभावना को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का पूरा रूट मैप और डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। रविवार, 8 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर की सीमाओं के भीतर सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सीमावर्ती इलाकों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में भारी गाड़ियों को जिले के बॉर्डरों पर ही रोक दिया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली, मेरठ, पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद और नजीबाबाद की दिशा से आने वाली गाड़ियों के लिए अलग-अलग एंट्री प्वाइंट और डेडिकेटेड पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार, सामान्य ट्रैफिक के दौरान वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की तरफ मोड़कर शहर के भीतर दबाव को नियंत्रित किया जाएगा। यदि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब और हरियाणा से गाड़ियों का दबाव अत्यधिक बढ़ता है, तो वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज और ख्याति ढाबा होते हुए गुरुकुल कांगड़ी से हरिद्वार भेजा जाएगा। इन श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बैरागी कैंप, भेल (BHEL) सेक्टर मैदान और ऋषिकुल मैदान में मुख्य पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। शहर के मुख्य मार्ग पर जाम की नौबत आने पर नगलाइमरती से लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और शनि चौक होते हुए सीधे बैरागी कैंप पहुंचाया जाएगा।
दिल्ली और मेरठ से देहरादून या ऋषिकेश की ओर जाने वाले निजी व यात्री वाहनों को जाम से बचाने के लिए बाईपास मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। भारी दबाव की स्थिति में वाहनों को सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक और NH-344 होते हुए सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून रवाना किया जाएगा। इसी तरह बसों को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा से देवबंद, कोलकी टोल और बिहारीगढ़ होते हुए मोहंड के रास्ते आगे भेजा जाएगा। वहीं उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी मार्ग से लाया जाएगा, जिनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर द्वीप पर पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
स्थानीय स्तर पर जाम रोकने के लिए ऑटो, विक्रम, टैक्सी और ई-रिक्शा के संचालन पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की तरफ से आने वाले विक्रम व ऑटो को भीड़ बढ़ने पर जयराम मोड़ से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। ज्वालापुर और भेल क्षेत्र से आने वाले ऑटो रानीपुर मोड़, देवपुरा, भगत सिंह चौक और टिबड़ी फाटक के निर्धारित रूट पर ही चलेंगे। सबसे व्यस्त ललतारौ पुल से शिवमूर्ति चौक तक का पूरा हिस्सा ऑटो, विक्रम और टैक्सियों के लिए पूरी तरह 'नो-व्हीकल जोन' रहेगा। इसके अलावा बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक और तुलसी चौक तक ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन तय नियमों और सीमित संख्या के आधार पर ही किया जाएगा।