नैनीताल में पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर 100 फीट गहरी खाई में गिरा, हरियाणा के 22 लोग थे सवार
मल्ला रामगढ़ (नैनीताल) में भवाली से मुक्तेश्वर जा रहा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैवलर पैराफिट तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के वक्त वाहन में 22 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। सभी पर्यटक हरियाणा के बताए जा रहे हैं। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
भारी बारिश के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू
दुर्घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एसडीआरएफ कर्मियों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ ले जाया गया। अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है।
छह घायलों को किया गया रेफर
हादसे में घायल छह लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। वहीं एक पर्यटक वाहन और पेड़ के बीच फंस गया। उसे निकालने के लिए करीब तीन घंटे से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
गंभीर रूप से फंसे पर्यटक को बाहर निकालने के लिए चेन मंगाई गई है। खराब मौसम और बारिश के बीच रेस्क्यू टीम उसे सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रही है।
चालक का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की तरफ जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे के आगे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन में कुल 22 यात्री सवार थे। इनमें एक पर्यटक की स्थिति बेहद गंभीर है और वह अभी वाहन व पेड़ के बीच फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।