पहाड़ों से गिर रहा मलबा, बंद हुई ये 7 सड़कें; नैनीताल में बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

पहाड़ों से गिर रहा मलबा, बंद हुई ये 7 सड़कें; नैनीताल में बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल स्थित नैनीताल जिले के निवासियों और पर्यटकों के लिए मौसम विभाग ने चिंताजनक अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून ने बुधवार के लिए नैनीताल जनपद में भारी से अत्यंत भारी वर्षा का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

इसके साथ ही भारतीय मौसम विभाग के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन ने जिले के जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के भीतर मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ (Flash Flood) का जोखिम जताया है। मौसम के इस कड़े मिजाज को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील रास्तों पर JCB तैनात, अधिकारियों के फोन 24 घंटे ऑन रखने के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और पहाड़ों से मलबा या पेड़ गिरने के कारण जो भी मार्ग बाधित हों, उन्हें बिना देरी के तुरंत खोला जाए। इसके लिए संवेदनशील रास्तों पर जेसीबी (JCB) मशीनों और गैंग कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। डीएम ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अपना मुख्यालय न छोड़ने, मोबाइल फोन 24 घंटे ऑन रखने और तहसील स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह मुस्तैद रखने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

हल्द्वानी में सबसे ज्यादा 83 मिमी बारिश, जनपद की 7 मुख्य सड़कें मलबे से बंद

जिला आपदा परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 17.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक 83 मिमी बारिश हल्द्वानी (काठगोदाम) क्षेत्र में हुई। इसके अलावा नैनीताल में 19 मिमी, धारी में 12 मिमी, कालाढूंगी में 8 मिमी और रामनगर में 5.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जिले में 1 मुख्य जिला मार्ग और 6 ग्रामीण मोटर मार्ग समेत कुल 7 सड़कें पूरी तरह बाधित हो गई हैं।

बंद पड़ी सड़कों में छीड़ाखान-अधौड़ा-अमजड़ मार्ग, सूर्या-कौन्ता-ककोड़-हरीशताल मार्ग, चोपड़ा-कूल मार्ग, डोबा-गौनियारो मार्ग, बालिक-सुनकोट मार्ग, एचएमटी ब्रेवरी मार्ग और अमृतपुर-बानना-बबियाड़ मार्ग शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग इन सभी बंद पड़े रास्तों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है।

Latest Posts