img

नई दिल्ली। उत्तर भारत में रहने वाले लोगों को इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में वर्तमान समय में भयंकर लू चल रही है। वहीं दूसरी तरफ देश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

HEAVY RAIN

जी हां नॉर्थईस्ट में हो रही भारी बारिश के चलते कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि असम के डीमा हसाओ जिले में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से कई रेलवे स्टेशन बंद रहे। यहां से ट्रेनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि विपरीत हालात में सुदूर इलाकों में रहने वाले लगभग दो लाख लोगों का संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों ने कट गया। पानी के तेज बहाव के कारण पुल और सड़कें या तो टूट गए या बह गए।

हालांकि सेना के हेलिकॉप्टर के जरिए लोगों की मदद की जा रही है और बाढ़ में फंसे लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी भारी बारिश और कटाव के चलते से करीब चार लोगों की मौत हो गई।

वहीं राज्य की राजधानी ईटानगर में भी एक घर ढहने से दो की जान चली हो गई है। इसके अलावा भूस्खलन की वजह से दो मजदूरों को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं असम से भी चार लोगों के मरने की खबर आ रही है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अगले चार दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

मानसून ने दी दस्तक

बता दें कि मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी इलाके में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार चार दिन पहले यानी कि 27 मई को ही मानसून केरल पहुंच जाएगा। केरल में इन दिनों प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई है।

--Advertisement--