कपूरथला के शहर नडाला से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां एक भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी और शव को बिस्तर के अंदर छिपा दिया। बताया जा रहा है कि भाई की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन पर इसकी जानकारी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पाकर डीएसपी भुलत्थ और सुभानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी भुलत्थ सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अजीत सिंह नाम का शख्स नडाला की हिम्मत सिंह कॉलोनी में रहता है। उनके दो बेटे कुलविंदर सिंह और सुखविंदर सिंह हैं। इनमें से एक भाई ने दूसरे की हत्या कर दी है। पिता अजीत सिंह जीरकपुर में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। कुलविंदर सिंह (26 वर्ष) और सुखविंदर सिंह (22 वर्ष) दोनों भाई नशे के आदी थे। नशे की लत पूरी करने के लिए दोनों ने धीरे-धीरे घर का सारा सामान बेच दिया।
इसके बाद अजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी और सुभानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर के बॉक्स बेड से सुखविंदर सिंह का शव बरामद किया। डीएसपी सुरिंदरपाल सिंह ने यह भी बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद है। उन्होंने यह भी कहा कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और अजीत सिंह के बयानों पर कुलविंदर सिंह के विरूद्ध धारा 302, 201 आईपीसी के अंतर्गत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में रेड की जा रही है।