यूक्रेन पर कहर बरपाने के लिए तैयार 120 उत्तर कोरियाई मिसाइलें, जंग ले रही है सबसे खतरनाक मोड़

यूक्रेन पर कहर बरपाने के लिए तैयार 120 उत्तर कोरियाई मिसाइलें, जंग ले रही है सबसे खतरनाक मोड़

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे भीषण युद्ध में तनाव अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, क्योंकि इस संघर्ष में अब उत्तर कोरिया की सीधी संलिप्तता सामने आ रही है।

यूक्रेन की मिलिट्री इंटेलिजेंस एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि पश्चिमी रूस में उत्तर कोरियाई मिसाइल यूनिट की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस यूनिट के तहत लगभग 120 बैलिस्टिक मिसाइलें और छह मिसाइल लॉन्चर तैनात किए जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल आने वाले दिनों में यूक्रेन के खिलाफ बड़े हमलों के लिए किए जाने की आशंका है।

वोरोनिश इलाके में रूस की 112वीं मिसाइल ब्रिगेड के साथ तैनाती

यूक्रेन के मेन इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट के अधिकारी आंद्री चेर्नियाक के मुताबिक, रूसी सेना इस उत्तर कोरियाई मिसाइल यूनिट को पश्चिमी रूस के वोरोनिश क्षेत्र में अपनी 112वीं मिसाइल ब्रिगेड के अंतर्गत शामिल करने की योजना बना रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया पहले ही अपनी 40 अत्याधुनिक KN-23 और KN-24 बैलिस्टिक मिसाइलों का नया बैच और अपने सैनिक रूस भेज चुका है। इस सैन्य तैनाती का पूरा दायरा और मिसाइलों की कुल संख्या आगामी उच्च-स्तरीय कूटनीतिक बैठकों के दौरान तय की जाएगी, जिसमें रूस को उत्तर कोरिया से कुल 120 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 लॉन्चर मिलने की उम्मीद है।

यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम की कमजोरी का उठा रहा है फायदा

युद्ध के मैदान में यूक्रेन के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम (Air Defense Systems) की भारी कमी है। रूसी सेना यूक्रेन की इसी रक्षात्मक कमजोरी का पूरा फायदा उठाने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों के हमलों में लगातार तेजी ला रही है। गौरतलब है कि साल 2023 के अंत से ही रूस द्वारा यूक्रेन पर उत्तर कोरियाई मूल की बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने की खबरें आती रही हैं। जानकारों का मानना है कि उत्तर कोरियाई मिसाइल फोर्स की यह नई तैनाती रूस और उत्तर कोरिया के बीच बढ़ते गहरे रणनीतिक और सैन्य सहयोग को दर्शाती है।

Latest Posts