अमेरिका में 9/11 जैसा मंजर! अचानक थम गया पूरा आसमान, सिचुएशन रूम में व्हाइट हाउस की आपात बैठक!
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम में आई भीषण तकनीकी खराबी ने पूरे देश के हवाई यातायात को पटरी से उतार दिया है। शुक्रवार को शुरू हुआ यह संकट रविवार, 15 नवंबर तक खिंच गया है, जिससे विभिन्न हवाई अड्डों पर हजारों यात्री बेबस फंसे हुए हैं। एयरलाइंस अपने परिचालन को दोबारा व्यवस्थित करने के लिए भारी मशक्कत कर रही हैं, लेकिन हालात रविवार देर रात से पहले सामान्य होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
एविएशन डेटा ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटअवेयर (FlightAware) के मुताबिक, शनिवार शाम तक ही अमेरिका भर में 6,150 से अधिक उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गईं, जबकि 7,300 से अधिक उड़ानों ने देरी से उड़ान भरी। इससे पहले शुक्रवार का दिन अमेरिकी उड्डयन इतिहास के सबसे काले दिनों में दर्ज हुआ, जब एक ही दिन में करीब 9,200 उड़ानें रद्द और 7,500 से अधिक लेट हुईं। समस्या का असर रविवार के शेड्यूल पर भी पड़ा, जहां शनिवार शाम तक ही 530 से अधिक उड़ानों को एडवांस में रद्द घोषित करना पड़ा।
इस विकट स्थिति पर खेद प्रकट करते हुए एफएए चीफ ब्रायन बेडफोर्ड ने यात्रियों से औपचारिक माफी मांगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश का मुख्य एविएशन ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है और टीमें सिस्टम को स्थिर करने में जुटी हैं। बेडफोर्ड के अनुसार, रविवार देर रात तक हवाई सेवाएं काफी हद तक पटरी पर लौट आएंगी। हालांकि, एयरलाइंस के सामने अब विमानों की री-पोजिशनिंग, पायलटों और केबिन क्रू के ड्यूटी आवर्स को री-शेड्यूल करने की भारी ऑपरेशनल चुनौती खड़ी हो गई है।
यह समूचा संकट शुक्रवार को उस वक्त शुरू हुआ जब एफएए को अचानक देशव्यापी 'ग्राउंड स्टॉप' लागू करना पड़ा, जिससे लगभग पांच घंटे तक अमेरिका का पूरा एयरस्पेस ठहर गया। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद अमेरिकी इतिहास में यह हवाई यात्रा का सबसे लंबा और बड़ा गतिरोध माना जा रहा है। संकट की गंभीरता को देखते हुए व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में शीर्ष अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई, ताकि किसी भी संभावित बड़े खतरे की पड़ताल की जा सके।
शुरुआती दौर में इस बात की आशंका जताई गई थी कि क्या यह किसी सुनियोजित साइबर हमले का नतीजा है। हालांकि, बाद में ट्रांसपोर्टेशन सेक्रेटरी सीन डफी ने स्थिति साफ करते हुए बताया कि यह समस्या एफएए के कॉन्ट्रैक्टर L3Harris द्वारा एक सुदूर लोकेशन पर नया राउटर इंस्टॉल करने के दौरान उपजी तकनीकी खामी की वजह से हुई थी। फिलहाल लाखों मुसाफिर और एयरलाइंस कंपनियां व्यवस्था के पूरी तरह बहाल होने का इंतजार कर रही हैं।