बर्गर खाने गए लोगों पर बरसाई गोलियां, संदिग्ध समेत 3 की मौत और कई घायल

बर्गर खाने गए लोगों पर बरसाई गोलियां, संदिग्ध समेत 3 की मौत और कई घायल

अमेरिका के इडाहो राज्य में शनिवार की दोपहर उस वक्त एक व्यस्त इलाके में दहशत फैल गई, जब ट्विन फॉल्स स्थित 'इन-एन-आउट बर्गर' (In-N-Out Burger) रेस्टोरेंट में अचानक गोलियां चलने लगीं।

इस भयानक गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस और कई अन्य एजेंसियां इस हमले के पीछे के मकसद और शूटर की असली पहचान उजागर करने में जुटी हुई हैं।

अफरा-तफरी का माहौल, टला बड़ा खतरा

ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने इस पूरी घटना को 'बेहद अफरा-तफरी का मंजर' करार दिया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्थानीय लोगों पर कोई तत्काल खतरा नहीं है, लेकिन उन्होंने मृतकों और घायलों के सटीक आंकड़े तुरंत जारी करने से मना कर दिया। पुलिस प्रमुख के मुताबिक, प्रशासन अभी पीड़ितों के परिवारों को इस दुखद घटना की सूचना देने की प्रक्रिया में है। वहीं, ट्विन फॉल्स काउंटी के कमिश्नर ब्रेंट रेनके ने जानकारी दी कि शेरिफ जैक जॉनसन के अनुसार इस हमले में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं।

'कर्मचारी को सीने में लगी गोली', चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर

गोलीबारी के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने जो देखा, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। 34 वर्षीय चश्मदीद लेन कोहेन उस वक्त रेस्टोरेंट के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर मौजूद थे। उन्होंने ड्राइव-थ्रू इलाके से एक शख्स को खतरनाक एआर (AR) स्टाइल राइफल लेकर बाहर निकलते हुए देखा। कोहेन के मुताबिक, स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब हैंडगन लिए हुए एक अन्य व्यक्ति ने उस संदिग्ध शूटर पर जवाबी फायरिंग कर दी।

कोहेन ने एक दिल दहला देने वाला दृश्य भी देखा, जिसमें इन-एन-आउट का एक कर्मचारी अपने उस साथी को पार्किंग में घसीटकर सुरक्षित ले जा रहा था, जिसके सीने में गोली लगी थी। वे लोग पैरामेडिक्स का इंतजार कर रहे थे। कोहेन ने बताया कि कर्मचारी की हालत बेहद गंभीर लग रही थी और उस दौरान 3 से 4 राउंड गोलियों की आवाजें सुनी गईं। इसके तुरंत बाद पुलिस ने पूरे इलाके को खाली करवा लिया। ड्राइव-थ्रू में अपनी मां के साथ मौजूद एक अन्य चश्मदीद हेली डोडारो ने बताया कि लोगों को बदहवास भागते देख उन्हें पहले लगा कि आग लग गई है, लेकिन रोते-चीखते लोगों को देखकर समझ आ गया कि अंदर फायरिंग हुई है। उन्होंने इसे एक बेहद डरावना अनुभव बताया।

Latest Posts