मातम में बदला जश्न: जन्मदिन की पार्टी के दौरान गिरी 3 मंजिला इमारत, 11 की दर्दनाक मौत

मातम में बदला जश्न: जन्मदिन की पार्टी के दौरान गिरी 3 मंजिला इमारत, 11 की दर्दनाक मौत

पाकिस्तान के लाहौर शहर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शहर के घनी आबादी वाले हरबंसपुरा इलाके में बुधवार देर रात एक तीन मंजिला जर्जर मकान अचानक ढह गया।

सबसे दुखद बात यह है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय घर के अंदर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी और पूरा परिवार जश्न में डूबा हुआ था। इस खौफनाक हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक ही परिवार के 11 लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

मलबे में दबे 20 लोग, 6 को जिंदा निकाला गया

लाहौर के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अली एजाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन मंजिला इमारत में तीन भाई अपने-अपने परिवारों (पत्नी और बच्चों) के साथ रहते थे। जन्मदिन के इस खास मौके पर उनकी बहन भी अपने बच्चों के साथ वहां आई हुई थी। अचानक पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई और करीब 20 लोग मलबे में दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 6 लोगों को मलबे से जिंदा बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, 11 लोगों को बचाया नहीं जा सका। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

भारी मानसूनी बारिश बनी हादसे की वजह!

स्थानीय प्रशासन और डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, इस जानलेवा हादसे का मुख्य कारण हाल ही में हुई भारी मानसूनी बारिश को माना जा रहा है। लगातार हो रही बारिश की वजह से इस पुरानी इमारत का बुनियादी ढांचा काफी कमजोर हो गया था, जो आखिरकार ढह गया।

Latest Posts