दिल्ली में जन्मे बिल मल्होत्रा ने कनाडा में कैसे खड़ा किया दौलत का साम्राज्य?

दिल्ली में जन्मे बिल मल्होत्रा ने कनाडा में कैसे खड़ा किया दौलत का साम्राज्य?

विदेशों में जाकर अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीयों की फेरबहिस्त बहुत लंबी है, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो हर किसी को हैरान कर देती हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक दास्तान है भारतीय मूल के कनाडाई अरबपति बिल मल्होत्रा (Bill Malhotra) की। आज भले ही उनका नाम कनाडा के सबसे अमीर और सफल कारोबारियों की सूची में शुमार हो, लेकिन उनके शुरुआती दिन काफी संघर्षों से भरे रहे थे। बिल मल्होत्रा का जन्म भारत की राजधानी नई दिल्ली में हुआ था। उनके माता-पिता विभाजन के समय की विभीषिका झेलकर दिल्ली आए थे और शून्य से अपनी जिंदगी की दोबारा शुरुआत की थी। दिल्ली में ही उनका बचपन बीता और उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की। बचपन के दिनों में ही उनके भीतर कुछ बड़ा करने कीलक और शिक्षा के प्रति गहरी लगन पैदा हो गई थी, जो आगे चलकर उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत बनी।

BITS पिलानी से सिविल इंजीनियरिंग और कनाडा की ओर रुख

पढ़ाई में बेहद कुशाग्र बुद्धि वाले बिल मल्होत्रा ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS Pilani, Rajasthan) से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। जब वे मात्र 20-21 साल के थे, तभी उन्होंने अपने करियर को एक नई दिशा देने और बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा जाने का फैसला किया। जब वे कनाडा पहुंचे तो उनकी जेब में गिने-चुने डॉलर ही थे और उनके सामने एक नए देश की संस्कृति और आबोहवा में खुद को ढालने की बड़ी चुनौती थी। शुरुआती दिनों में उन्होंने ओटावा शहर में एक इंजीनियरिंग फर्म के साथ काम करना शुरू किया। अपनी मेहनत और तकनीकी कौशल के दम पर उन्होंने जल्द ही वहां की स्थानीय सिटी सरकार के साथ भी बतौर मुख्य स्ट्रक्चरल इंजीनियर काम किया। इस दौरान उन्होंने कनाडाई रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री की बारीकियों को बहुत करीब से समझा, जिसने उनके भविष्य के बड़े व्यावसायिक साम्राज्य की नींव रखी।

1986 में रखी 'क्लैरिज होम्स' की नींव और बने 'कोंडो किंग'

कनाडा में नौकरी के दौरान अनुभव हासिल करने के बाद बिल मल्होत्रा ने साल 1986 में एक बड़ा रिस्क लेते हुए अपनी खुद की रियल एस्टेट कंपनी 'क्लैरिज होम्स' (Claridge Homes) की स्थापना की। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह छोटी सी शुरुआत आगे चलकर कनाडा के इतिहास के सबसे बड़े रियल एस्टेट साम्राज्यों में से एक बन जाएगी। बिल मल्होत्रा ने ओटावा के शहरी विकास में क्रांतिकारी बदलाव किए। उनकी कंपनी ने शहर के भीतर आधुनिक अपार्टमेंट्स, शानदार आवासीय कॉलोनियां और रिटायरमेंट होम्स का निर्माण किया। देखते ही देखते उन्होंने ओटावा शहर में 14,000 से अधिक संपत्तियों का निर्माण कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया। ओटावा की सबसे ऊंची आवासीय इमारत 'क्लैरिज आइकॉन' (Claridge Icon) भी उन्हीं की कंपनी की देन है, जो 469 फीट ऊंची है। शहरी आवास के क्षेत्र में उनके इस बेजोड़ योगदान के कारण ही मीडिया और व्यापारिक जगत उन्हें प्यार से 'कोंडो किंग' (Condo King) के नाम से बुलाने लगा।

दिल्ली के उस होटल से है क्लैरिज नाम का बेहद खास कनेक्शन

बिल मल्होत्रा की सफलता की इस कहानी में एक बहुत ही दिलचस्प और भावनात्मक पहलू भी जुड़ा है। उनकी कंपनी का नाम 'क्लैरिज' (Claridge) असल में नई दिल्ली के एक मशहूर और ऐतिहासिक लग्जरी होटल 'द क्लेरिजेस' से प्रेरित है। बचपन के दिनों में बिल मल्होत्रा अपने पिता के साथ इस होटल में जाया करते थे और वहां उनके साथ बिताए गए पल उनके दिल के बहुत करीब थे। जब उन्होंने कनाडा में अपनी खुद की कंपनी शुरू की, तो पुरानी यादों को ताजा रखते हुए और अपने पिता के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्होंने अपनी कंपनी का नाम 'क्लैरिज' रख दिया। आज यह नाम कनाडा के कॉर्पोरेट जगत में एक बड़े भरोसे और ब्रांड का पर्याय बन चुका है, जिसे उनके दोनों बेटे नील और शॉन मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।

अरबों की संपत्ति और ओटावा के सबसे प्रभावशाली कारोबारी

फोर्ब्स और अन्य वैश्विक वित्तीय रिपोर्ट्स के अनुसार, आज बिल मल्होत्रा की कुल संपत्ति (Net Worth) लगभग 2.3 अरब डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 19,650 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। वह आज कनाडा के सबसे अमीर और प्रतिष्ठित भारतीय मूल के कारोबारियों में गिने जाते हैं। केवल व्यावसायिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। ओटावा की प्रसिद्ध हॉकी टीम 'ओटावा सीनेटर्स' के स्वामित्व से लेकर स्थानीय स्तर पर चैरिटी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 'मल्होत्रा फैमिली फाउंडेशन' के जरिए वे लगातार समाज सेवा कर रहे हैं। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि इरादे मजबूत हों और कड़ी मेहनत करने का जज्बा हो, तो इंसान अपनी मेहनत के दम पर किसी भी देश में जाकर अपनी एक अलग पहचान बना सकता है।