कुल्हाड़ी से तबाह कर दिया 560 करोड़ का अमेरिकी सैन्य विमान, एयरपोर्ट पर घुसे शख्स का भयानक कारनामा
आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर सुरक्षा में गंभीर चूक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अकेले दम पर अमेरिकी सेना के करीब 60 मिलियन डॉलर (लगभग 560 करोड़ रुपये) कीमत वाले C-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान को कबाड़ बना दिया। आरोपी ने किसी बारूद या मिसाइल से नहीं, बल्कि साधारण कुल्हाड़ी, बॉल बेयरिंग और चिपकाने वाले पदार्थों का इस्तेमाल कर इस विशालकाय चार इंजन वाले टर्बोप्रॉप विमान को इस कदर बर्बाद कर दिया कि अमेरिकी विशेषज्ञों के अनुसार अब यह कभी उड़ान भरने के काबिल नहीं रहा। अमेरिकी न्याय विभाग ने आरोपी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को पूरी तरह नष्ट करने के गंभीर आरोपों में मैनहैटन फेडरल कोर्ट में अभियोग तय किया है।
अभियोजन पक्ष की चार्जशीट के अनुसार, आरोपी की पहचान आयरलैंड के कॉर्क निवासी 48 वर्षीय दाइथी ओ'कोरैन (Daithi O'Corrain) के रूप में हुई है। आरोपी तड़के करीब 4:40 बजे एयरपोर्ट का सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रतिबंधित टैक्सीवे पर घुसा, जहां अमेरिकी एयर नेशनल गार्ड का विमान रातभर से खड़ा था और किसी गुप्त विदेशी मिशन पर रवाना होने वाला था। उसने विमान के पिछले क्रू गेट का लॉक तोड़ा, अंदर दाखिल होकर दरवाजों को पट्टियों, स्क्रू और एपॉक्सी गोंद से लॉक कर दिया ताकि सुरक्षाबल आसानी से भीतर न पहुंच सकें। इसके बाद उसने घंटों तक अंदर तबाही मचाई—तारों के पूरे बंडल काट डाले, हाइड्रोलिक और एयर वेंटिलेशन पाइपलाइन में छेद कर दिए, लिक्विड ऑक्सीजन लाइन दबा दी, कॉकपिट के सभी गेज चकनाचूर कर दिए और विमान के ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग भर दीं।
जांच में खुलासा हुआ है कि यह अचानक गुस्से में किया गया हमला नहीं था, बल्कि महीनों की सोची-समझी साजिश थी। आरोपी ने इंटरनेट पर C-130 विमान के स्ट्रक्चर और शैनन एयरपोर्ट के जीपीएस कोऑर्डिनेट्स का अध्ययन किया था। उसने सैन्य उड़ानों की लाइव ट्रैकिंग के लिए विशेष ऐप का इस्तेमाल किया और विमान के एल्युमिनियम बॉडी स्ट्रक्चर को रासायनिक रूप से गलाने के लिए 'गैलियम' के कैप्सूल तक मंगा रखे थे। सुबह करीब 9:40 बजे जब अमेरिकी क्रू विमान के पास पहुंचा, तो उन्होंने आरोपी को छत के हैच से बाहर निकलकर कुल्हाड़ी से बाहरी हिस्से पर वार करते देखा, जिसके बाद स्थानीय आयरिश पुलिस 'अन गार्दा सियोखाना' ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी अगर दोषी पाया जाता है तो उसे 10 साल तक की कैद हो सकती है। उसके समर्थकों ने इस हमले को गाजा युद्ध में इजरायल को अमेरिकी सैन्य समर्थन के खिलाफ किया गया विरोध प्रदर्शन करार दिया है।