ट्रंप की हत्या की सुपारी देने वाले पाकिस्तानी एजेंट को 27 साल की जेल, US कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा
अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत प्रमुख अमेरिकी सरकारी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 330 महीने (27 साल और 6 महीने) की जेल की सजा सुनाई है। 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर अमेरिका में सुपारी देकर राजनीतिक हत्याओं को अंजाम देने का ताना-बाना बुन रहा था। ब्रुकलिन स्थित यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज एरिक आर. कोमिटी ने उसे सीमा पार आतंकवाद की कोशिश और हत्या की सुपारी देने का दोषी ठहराते हुए यह कड़ी सजा मुकर्रर की।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, यह पूरी साजिश जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए IRGC के पूर्व कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए रची गई थी। मर्चेंट को साल 2022 में धार्मिक यात्राओं के दौरान ईरान में IRGC ने अपने साथ जोड़ा था। तेहरान में करीब 15 मुलाकातों के दौरान उसके ईरानी हैंडलर यूसुफ मरहरदाद ने उसे जासूसी और सीक्रेट ऑपरेशंस की ट्रेनिंग दी। निर्देश यह था कि अमेरिका में जाकर आपराधिक गिरोहों या माफिया से हिटमैन हायर किए जाएं और किसी बड़ी राजनीतिक रैली में नेताओं पर जानलेवा हमला कराया जाए। मर्चेंट ने खुद अदालत में माना कि उसकी साजिश का मुख्य निशाना डोनाल्ड ट्रंप थे।
अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचने के बाद मर्चेंट ने अपने एक परिचित से संपर्क साधा, लेकिन उस व्यक्ति ने एफबीआई को पूरे मामले की भनक दे दी और मुखबिर बन गया। इसके बाद मर्चेंट को लगा कि वह पेशेवर शूटरों से मिल रहा है, जबकि वे असल में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट्स थे। उसने कथित हिटमैन को एडवांस टोकन के रूप में 5,000 डॉलर भी सौंप दिए। मर्चेंट जब अमेरिका छोड़कर भागने की फिराक में था, तभी टेक्सास के रिचमंड से उसे धर दबोचा गया। उसके फोन और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच में ट्रंप की चुनावी रैलियों की गूगल मैप्स लोकेशन और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री जैसे पुख्ता डिजिटल सबूत मिले। यूएस अटॉर्नी जनरल और अभियोजकों ने साफ संदेश दिया कि अमेरिकी नेताओं के खिलाफ विदेशी साजिश रचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।