पुतिन ने फिर की PM मोदी की तारीफ, यूक्रेन युद्ध पर कही बड़ी बात
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति और उनके शांति प्रयासों की खुलकर तारीफ की है। शुक्रवार को पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के उन गिने-चुने नेताओं में से हैं जो दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती के बावजूद, व्यक्तिगत स्तर पर भी यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा दिन पर दिन उठाते रहते हैं।
शांति की पहल के लिए पुतिन ने जताया आभार
रूसी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के तटस्थ और सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए कहा कि वे इस संघर्ष के अंत में गहरी रुचि रखते हैं। पुतिन ने स्पष्ट किया कि मोदी के विचार दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान खोजने की दिशा में बेहद अहम हैं। उन्होंने भारत के निरंतर समर्थन और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की इच्छा के लिए प्रधानमंत्री मोदी का विशेष आभार जताया। पुतिन ने कहा, "हम इस युद्ध को जल्द से जल्द और शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करने की उनकी चाहत के लिए आभारी हैं।"
भारत का रुख मानवीय रहा
पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब पीएम मोदी खुद कई वैश्विक मंचों पर शांति की अपील कर चुके हैं। अगस्त में जापानी मीडिया आउटलेट 'योमिउरी शिंबुन' को दिए एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी ने साफ किया था कि रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत का दृष्टिकोण पूरी तरह से मानवीय और सैद्धांतिक है। पीएम मोदी ने बताया था कि राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की दोनों ही भारत के इस रुख की सराहना करते हैं।