UN में हाफिज सईद पर सवाल सुनते ही उलटे पैर भागे शहबाज शरीफ, अब उड़ रही खिल्ली
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में शिरकत करने न्यूयॉर्क पहुंचे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर असहज स्थिति में घिर गए हैं।
वैश्विक पटल पर आतंकवाद के खात्मे की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले पाकिस्तान की पोल उस समय खुल गई जब एक भारतीय पत्रकार ने लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को लेकर उनसे तीखा सवाल पूछ लिया। कैमरे पर सवाल सुनते ही पाकिस्तानी वज़ीरे आज़म सन्न रह गए और बिना कोई जवाब दिए तेजी से वहां से बचते हुए निकल गए।
हाफिज सईद और आतंकी नेटवर्क पर पूछे गए तीखे सवाल
पूरा वाकया संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर का है, जहां समाचार एजेंसी ANI के पत्रकार ने शहबाज शरीफ से सीधे दो सवाल किए। पहली बार जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री मुख्यालय में प्रवेश कर रहे थे, तब उनसे पूछा गया कि पाकिस्तान आतंकवादियों को सुरक्षित पनाह देना आखिरकार कब बंद करेगा। इसके बाद जब वह बैठक के बाद बाहर निकले, तो पत्रकार ने दूसरा सीधा सवाल दागा कि पाकिस्तान की सरकार लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख और मोस्ट वांटेड आतंकी हाफिज सईद को कानून के कठघरे में कब खड़ा करेगी और उस पर मुकदमा कब चलाएगी। दोनों ही मौकों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के पास कोई जवाब नहीं था और वे नजरें चुराकर वहां से रवाना हो गए।
न्यूयॉर्क की सड़कों पर भारी फजीहत और विरोध प्रदर्शन
आतंकवाद के मुद्दे पर असहज होने से ठीक एक दिन पहले भी न्यूयॉर्क की धरती पर शहबाज शरीफ को भारी राजनयिक अपमान झेलना पड़ा था। न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए अमेरिका का कोई बड़ा नेता या प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं था। इतना ही नहीं, शहर की सड़कों पर शहबाज शरीफ के विरोध में 'चोर आया' और 'चेरी पॉलिश' लिखे विवादित पोस्टर तक लगाए गए थे, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान सरकार की खूब किरकिरी हुई।