चीखों से गूंज उठी खाई: काठमांडू जा रही वैन का भयानक अंत, 2 मासूम बच्चियों समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत

चीखों से गूंज उठी खाई: काठमांडू जा रही वैन का भयानक अंत, 2 मासूम बच्चियों समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत

नेपाल के मकवानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां काठमांडू से हेटौडा जा रही एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक 'हाइएस' (Hiace) वैन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वैन चालक समेत 10 लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी हेटौडा अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह खौफनाक हादसा गुरुवार सुबह भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू राजमार्ग पर चिसापानीगढ़ी के पास पेश आया। शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि तेज ढलान और मोड़ पर अचानक ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिससे वैन सीधे गहरी खाई में समा गई। हादसे का एक मुख्य कारण ओवरलोडिंग भी माना जा रहा है; 10 सीटों की क्षमता वाली इस इलेक्ट्रिक वैन में चालक समेत कुल 15 मुसाफिर ठूंस-ठूंस कर बैठाए गए थे। मृतकों में तीन महिलाएं, दो मासूम बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं, जिनकी औपचारिक शिनाख्त की कोशिशें की जा रही हैं।

दुर्घटना का शिकार हुए सभी मृतक और घायल सर्लाही जिले की चक्रघट्टा ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित सुंदरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में 33 वर्षीय मुकेश यादव, 5 वर्षीय सक्षम कुमार यादव और 3 वर्षीय सुदान यादव की पहचान हो सकी है। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (APF), नेपाल सेना और बागमती प्रांत की आपदा प्रबंधन इकाई ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। मकवानपुर जिला पुलिस प्रमुख एसपी श्याम बहादुर खत्री के नेतृत्व में भीमफेदी से आठ किलोमीटर दूर इस दुर्गम पहाड़ी इलाके में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर शवों व घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।