ट्रंप का कनाडा पर 50 प्रतिशत टैरिफ, इन चीजों के बढ़ जाएंगे दाम
अमेरिका और कनाडा के बीच जारी व्यापार वार्ता के अंतिम समय में विफल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला प्रभावी हो गया है। ट्रंप प्रशासन ने कनाडा से आयात होने वाले सामानों पर 50 प्रतिशत का भारी आयात शुल्क (टैरिफ) शनिवार से लागू कर दिया है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि इस कड़े कदम से कनाडा के अमेरिका को होने वाले कुल निर्यात का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा सीधे प्रभावित होगा, जिसका कुल आर्थिक मूल्य लगभग 20 अरब अमेरिकी डॉलर है।
कनाडा का सख्त रुख और मार्क कार्नी का बयान
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने वाशिंगटन की मांगों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया है। कार्नी ने स्पष्ट किया कि अमेरिका हाल के दिनों में कनाडा की अन्य देशों के साथ नए व्यापारिक समझौतों की स्वतंत्रता को सीमित करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कनाडा ने बीते एक वर्ष में 20 नए आर्थिक और सुरक्षा समझौते किए हैं और देश अपनी बाजार पहुंच को दोगुना करने की राह पर है। कार्नी ने अमेरिका पर आर्थिक एकीकरण को हथियार बनाकर कनाडा पर हमला करने का सीधा आरोप लगाया।
हॉकी स्टिक से लेकर शराब और सीमेंट तक प्रभावित
व्हाइट हाउस द्वारा जारी सूची के अनुसार, नए 50% टैरिफ का असर रोजमर्रा और औद्योगिक सामानों की एक विस्तृत श्रृंखला पर पड़ेगा। प्रभावित वस्तुओं में कनाडा की पहचान मानी जाने वाली हॉकी स्टिक, शराब, सीमेंट, शहद, बीज, कृषि उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन, परफ्यूम, कपड़े, आभूषण, फर्नीचर, कैमरे और टेक्सटाइल शामिल हैं। इनमें से कई वस्तुएं पूर्व में यूएस-मेक्सिको-कनाडा समझौते (USMCA) के तहत संरक्षित थीं। उल्लेखनीय है कि कनाडा अपने कुल निर्यात का 72 प्रतिशत हिस्सा अकेले अमेरिका को भेजता है।
8 सितंबर से कनाडा करेगा जवाबी कार्रवाई
अमेरिकी टैरिफ के खिलाफ कनाडा ने भी पूरी तैयारी कर ली है। पीएम कार्नी ने ऐलान किया है कि 8 सितंबर से कनाडा का जवाबी टैरिफ प्रभावी होगा, जिसमें अमेरिकी इस्पात, डेयरी उत्पाद, घरेलू उपकरण, कृषि मशीनरी, पल्प-पेपर और इलेक्ट्रॉनिक्स को निशाना बनाया जाएगा। हालांकि, कनाडा ने यह भी विकल्प खुला रखा है कि यदि अमेरिका शुल्कों में बड़ी कटौती करता है तो वह स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल पर से अपने टैरिफ हटाने और अमेरिकी शराब की बिक्री बहाल करने पर विचार कर सकता है।