नेपाल के फेरिचे हेलीपैड पर आपस में भिड़े दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी की मौत

नेपाल के फेरिचे हेलीपैड पर आपस में भिड़े दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी की मौत

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह बड़ा एविएशन हादसा पेश आया। खुम्बु पासंग ल्हामू ग्रामीण नगर पालिका वार्ड नंबर 4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दो निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस टक्कर में एक विदेशी नागरिक की जान चली गई, जबकि दूसरा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय प्रशासन और डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ जब एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर एक ही समय फेरिचे हेलीपैड पर लैंड कर रहे थे। लैंडिंग के दौरान दोनों चॉपर्स के रोटर ब्लेड एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे जोरदार धमाके के साथ दोनों हेलीकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गए।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल और सोलुखुम्बू डीएसपी नवीनराज बुधाथोकी ने पुष्टि की है कि शुरुआती जांच में रोटर के आपस में उलझने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान विदेशी नागरिक के रूप में हुई है, हालांकि उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि होना अभी बाकी है। मृतक के शव को प्रभु एयर के चॉपर से लुक्ला पहुंचाया गया, वहीं घायल यात्री को आपातकालीन इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फ्लोरिडा में ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट के पास जेट क्रैश, 9 लोगों की मौत

अमेरिका के साउथ फ्लोरिडा में पाम बीच काउंटी स्थित क्रेस्टहेवन रिहायशी इलाके में एक निजी बिजनेस जेट भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से महज 14 किलोमीटर (लगभग नौ मील) की दूरी पर हुई।

अधिकारियों के अनुसार, नौ लोगों को ले जा रहा लियरजेट 60 प्लेन दोपहर करीब 12:50 बजे 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान पायलटों ने गंभीर टर्बुलेंस, विंग्स पर बर्फ जमने और भारी बारिश की सूचना एटीसी को दी तथा 2,000 फीट और ऊपर जाने की अनुमति मांगी। इसके कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और रिहायशी मकानों से बाल-बाल बचते हुए मिलिट्री ट्रेल व 10th एवेन्यू नॉर्थ के पास एक व्यस्त सड़क पर क्रैश हो गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि जमीन पर गहरा गड्ढा बन गया और पूरा विमान आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय बिजली व्यवस्था ठप हो गई और आसपास के इलाकों में करीब दो घंटे तक ब्लैकआउट रहा। पाम बीच काउंटी शेरिफ ऑफिस और दमकल विभाग की टीमों ने इलाके को सील कर यातायात पूरी तरह रोक दिया है और मलबे की जांच की जा रही है।