मंदिर जाते वक्त पिकअप पलटने से 28 वर्षीय इंस्पेक्टर की मौत, फरवरी में होनी थी शादी

मंदिर जाते वक्त पिकअप पलटने से 28 वर्षीय इंस्पेक्टर की मौत, फरवरी में होनी थी शादी

राजस्थान के खैरथल जिले में किशनगढ़बास के ककराली गांव के रहने वाले 28 वर्षीय लेबर इंस्पेक्टर योगेश कुमार लवानिया की सोमवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। 

रोजाना की तरह वह बाइक से अपने पैतृक गांव के मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे, तभी गोठड़ा के पास धौला कुआं स्टैंड पर यह हादसा हुआ। घटना की खबर से गांव और परिवार में मातम पसर गया है। परिवार में फरवरी में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और महज एक हफ्ते पहले ही उनकी बहन सरपंच चुनी गई थी, जिससे घर में खुशी का माहौल अचानक गम में बदल गया।

जानकारी के मुताबिक योगेश कुमार लवानिया का चयन 2021 की आरएएस भर्ती में हुआ था और वह अलवर में लेबर इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे। सोमवार शाम करीब 6 बजे वह किशनगढ़बास से बाइक पर ककराली स्थित मंदिर के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक एक पिकअप गाड़ी उन पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचकर पिकअप को सीधा कराया तथा नीचे दबे योगेश को बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल योगेश को परिजन और स्थानीय लोग निजी स्कॉर्पियो से किशनगढ़बास अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख उन्हें अलवर रेफर किया गया। अलवर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। योगेश के पिता कालूराम लवानिया माछरोली में सेकेंड ग्रेड शिक्षक हैं। पांच भाई-बहनों में योगेश तीसरे और दोनों भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि किशनगढ़बास में भी उनका अपना मकान था।