दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर: 1 दिसंबर से बंद हो सकती है फ्री बिजली, तुरंत कराएं यह वेरिफिकेशन!

दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर: 1 दिसंबर से बंद हो सकती है फ्री बिजली, तुरंत कराएं यह वेरिफिकेशन!

दिल्ली में बिजली सब्सिडी के नियमों को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। आगामी 1 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी के सभी बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी लेने या छोड़ने का विकल्प मिलेगा। नई व्यवस्था के तहत जो उपभोक्ता सब्सिडी के लिए अपनी सहमति देंगे, उन्हें ही इसका लाभ मिलेगा, जबकि सहमति न देने वालों को सब्सिडी का फायदा नहीं दिया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड के माध्यम से वेरीफिकेशन अनिवार्य किया गया है, जिसकी प्रक्रिया अगले महीने से शुरू हो रही है।

बिजली बिल सब्सिडी वेरीफिकेशन की शुरुआत 1 दिसंबर से होगी और यह अभियान पूरे एक महीने तक चलेगा। इस अवधि में उपभोक्ताओं को आधार वेरीफिकेशन कराकर सब्सिडी लेने या न लेने का चुनाव करना होगा। जो ग्राहक सब्सिडी का विकल्प चुनेंगे उन्हें छूट मिलती रहेगी, लेकिन जो वेरीफिकेशन नहीं कराएंगे उन्हें सब्सिडी नहीं मिलेगी और पूरा बिजली बिल भरना होगा। लाभ जारी रखने के लिए आधार से सत्यापन जरूरी रखा गया है।

सरकार ने इस प्रक्रिया के लिए नियम तय कर लिए हैं और आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया गया है, जहां उपभोक्ता सब्सिडी को लेकर अपनी सहमति दर्ज करा सकेंगे और आधार कार्ड से वेरीफिकेशन पूरा कर सकेंगे।

एक अधिकारी के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद उपभोक्ता अपने कंज्यूमर नंबर के जरिए लॉग इन कर सकेंगे और सब्सिडी पाने के लिए वेरीफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। अधिकारी ने बताया कि इस कदम का मुख्य मकसद वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करना और निष्क्रिय या बंद पड़े कनेक्शनों को चिन्हित कर बंद करना है। साथ ही जो ग्राहक स्वेच्छा से पूरा बिल अदा करना चाहते हैं, उनके लिए भी इस पोर्टल के जरिए सुविधा दी गई है।

दिल्ली की बिजली सब्सिडी योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 200 यूनिट तक खपत पर 100 प्रतिशत छूट मिलती है, जिससे उनका बिल शून्य हो जाता है। वहीं 201 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है, जबकि 400 यूनिट से अधिक खपत पर कोई सब्सिडी नहीं मिलती। आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में करीब 75 लाख बिजली उपभोक्ताओं में से 64 लाख इसका लाभ उठा रहे हैं और 2025-26 में लगभग 50 लाख परिवारों को इस योजना से फायदा मिला था।