लखनऊ के दुबग्गा में नकली ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़: फिनायल और नमक मिलाकर बनाते थे जहर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन तैयार करने वाले अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। दुबग्गा के मौहारी (जेहटा) गांव स्थित एक सुनसान मकान में चल रही इस अवैध फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 2.05 करोड़ रुपये मूल्य का ऑक्सीटोसिन, कच्चा माल व निर्माण उपकरण बरामद किए गए। टीम ने मौके से दो आरोपियों दिलदार और इरफान को दबोच लिया, जो पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुके हैं।
छापेमारी के वक्त संयुक्त टीम को मकान के पिछले हिस्से में खड़ी पिकअप गाड़ी में बोरियां लादते हुए दो लोग मिले, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया। घर के भीतर ऑक्सीटोसिन बनाने और उसकी पैकिंग करने का पूरा सेटअप सजाया गया था। मौके से 37 बोरियों में भरी करीब 3700 बोतलें, 1.77 लाख से ज्यादा प्लास्टिक एम्प्यूल और लगभग 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन जब्त किया गया। इसके अलावा संदिग्ध पाउडर, करीब 8 हजार खाली बोतलें, हजारों ढक्कन, रबर कैप और सीलिंग मशीनें भी हाथ लगीं।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे और फिर उसकी पैकिंग कर बाजार में बेचते थे। इस धंधे में एक अन्य साथी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके जरिए बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था, जबकि अन्य सामग्री गाजियाबाद से खरीदी जाती थी। तैयार माल की सप्लाई भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को की जाती थी। आरोपियों ने यह भी कबूला कि वे पहले इसी अपराध में जेल गए थे और बाहर आने के बाद उन्होंने दोबारा यही काम शुरू कर दिया, क्योंकि यही उनकी कमाई का जरिया था। जिस पिकअप वाहन का इस्तेमाल हो रहा था, उसे भी इसी अवैध सप्लाई के लिए खरीदा गया था।
अवैध ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल मवेशियों के साथ-साथ सब्जियों व फलों पर किया जाता है, जो आम लोगों की सेहत के लिए बेहद घातक है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के अनुसार ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही मान्य है, जबकि प्लास्टिक की बोतलों या एम्प्यूल में इसका उत्पादन व बिक्री पूरी तरह गैरकानूनी है।