वीडियो गेम के झगड़े का बदला लेने फायरिंग: पानी के ड्रम में धंसी गोली, बाल-बाल बचा युवक; दो आरोपी गिरफ्तार

वीडियो गेम के झगड़े का बदला लेने फायरिंग: पानी के ड्रम में धंसी गोली, बाल-बाल बचा युवक; दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में वीडियो गेम खेलने को लेकर हुए मामूली झगड़े का बदला लेने के लिए दो युवकों ने 26 वर्षीय मोहम्मद मोहसिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए मोहसिन तेजी से एक दुकान के अंदर जा घुसा, जिसके चलते गोली दुकान में रखे नीले प्लास्टिक के पानी के ड्रम में जा धंसी। पीड़ित की तहरीर पर नंद नगरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और जांच के बाद दो आरोपियों दानिश उर्फ जुनैद तथा मोहम्मद फैजान उर्फ सुच्चा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और घटना के वक्त पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त राहुल अलवल के मुताबिक, 22 नवंबर की रात लगभग 10:26 बजे सुंदर नगरी के ओ-ब्लॉक स्थित कबूतर चौक के पास अल हुरैन चिकन प्वाइंट पर गोली चलने की सूचना मिली थी। नंद नगरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दुकान के भीतर रखे नीले पानी के ड्रम से गोली का हिस्सा व एक खाली कारतूस बरामद किया। पीड़ित मोहम्मद मोहसिन ने पुलिस को बताया कि वह अपने साले साहिल के साथ चाय पीकर घर लौट रहा था, तभी पिस्तौल लेकर पहुंचे दो युवकों ने उस पर हथियार तान दिए। खुद को बचाने के लिए वह चिकन की दुकान में भागा, इसी बीच एक हमलावर ने गोली दाग दी, जो मोहसिन को न लगकर सीधे ड्रम में जा लगी।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि 21 नवंबर को मोहसिन के छोटे भाई हुसैन का वीडियो गेम खेलने को लेकर दानिश के भांजे अनस के साथ विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते दानिश मोहसिन से चिढ़ा हुआ था और सबक सिखाने व डराने के मकसद से उसने अपने साथी फैजान संग मिलकर अगले ही दिन फायरिंग की योजना बना डाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया और निशानदेही पर हथियार, कारतूस व कपड़े जब्त किए। जांच में सामने आया कि दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पसौंडा का निवासी है और फिलहाल सुंदर नगरी के ई-2 ब्लॉक में किराये पर रह रहा था, जिस पर पहले से हत्या के प्रयास, लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फैजान गाजियाबाद के भोपुरा क्षेत्र स्थित डीएलएफ एक्सटेंशन-2 का रहने वाला है और उसके खिलाफ भी मारपीट व आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है।

नंद नगरी थाने में 23 नवंबर को एफआईआर संख्या 692/26 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 125, 324(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।