राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव कल: 37 जिलों में किसकी बनेगी सरकार, शाम तक आएंगे नतीजे!
राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषदों की सत्ता किसके हाथ जाएगी, इसका फैसला बुधवार 25 नवंबर को हो जाएगा। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब निगाहें जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी हैं, जबकि उप जिला प्रमुख के लिए मतदान 26 नवंबर को होगा। ऐसे में कल शाम तक पूरे प्रदेश में नए जिला प्रमुखों के नाम सामने आ जाएंगे। बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के साथ कई जिलों में निर्दलीय और अन्य दलों के सदस्य सियासी समीकरण पलटने की ताकत रखते हैं।
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के प्रत्याशियों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही सस्पेंस बरकरार रखा है। उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए बैठकों का दौर जारी है और मंगलवार देर रात तक नाम तय होने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों प्रमुख दल ऐनवक्त पर प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कई जगह नामांकन के दौरान ही उम्मीदवार का नाम सामने आ सकता है, ताकि भीतरघात रोका जा सके और विरोधी खेमे को पहले से रणनीति भनक न लगे।
चुनाव प्रक्रिया के तहत बुधवार सुबह 10 बजे जिला परिषदों में निर्वाचित सदस्यों की बैठक बुलाएगी जाएगी और सुबह 11 बजे तक नामांकन भरे जा सकेंगे। साढ़े 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न बांटे जाएंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे और मतदान खत्म होते ही मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
37 जिला परिषदों के आंकड़ों में कांग्रेस 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत के साथ आगे दिख रही है, जबकि बीजेपी महज 5 जिलों में अपने दम पर जिला प्रमुख बना सकती है। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है, जहां वह अपना जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है। वहीं, 8 जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और वहां निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में हैं। बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में जोड़तोड़ से ही जिला प्रमुख चुना जाएगा।
इन त्रिकोणीय या त्रिशंकु जैसी स्थितियों वाले जिलों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों की नजर निर्दलीय सदस्यों पर है। जहां चुनाव परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, वहां भी बीजेपी बहुमत का आंकड़ा जुटाने की कवायद में लगी है, ताकि कम सीटों के बावजूद जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की जा सके।
चुनाव से ठीक पहले सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। कांग्रेस ने बीजेपी पर सदस्यों को प्रलोभन देने, हॉर्स ट्रेडिंग करने और पुलिस-प्रशासन के दबाव का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भरतपुर में तीन जिला परिषद सदस्यों को उठा ले जाने का दावा भी किया है। दूसरी ओर, बीजेपी अपने सदस्यों को एकजुट रखने और निर्दलीयों को साधने में जुटी है, जिससे कई जिलों में आखिरी वक्त तक तस्वीर बदल सकती है।
पंचायतीराज चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू न होने के कारण जोड़तोड़ की गुंजाइश और बढ़ जाती है। सदस्य किसी अन्य दल को समर्थन दें या पाला बदलें, तो उनकी सदस्यता नहीं जाती और न ही विधानसभा या संसद की तरह पार्टी व्हिप का कड़ा असर रहता है। इसी वजह से स्पष्ट बहुमत के बावजूद बाड़ेबंदी या सदस्यों को संभालने में चूक होने पर सत्ता हाथ से फिसल भी सकती है।
कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
ये चुनाव कई दिग्गज नेताओं की साख का भी इम्तिहान है। चूरू में वरिष्ठ बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं, जिससे यह सीट राठौड़ की राजनीतिक प्रतिष्ठा और संभावित सियासी वापसी से जोड़कर देखी जा रही है। नागौर में स्पष्ट बहुमत के बाद आरएलपी के लिए अपना जिला प्रमुख चुनवाना बड़ी चुनौती है। कुल मिलाकर बुधवार का दिन न सिर्फ जिला परिषदों के मुखिया तय करेगा, बल्कि दलों की ताकत, नेताओं की पकड़ और निर्दलीयों की भूमिका को भी साफ कर देगा।