उफनती नदी में समा गई वैन! 11 यात्रियों की दर्दनाक मौत, पाकिस्तान के गिलगित में मचा हाहाकार

उफनती नदी में समा गई वैन! 11 यात्रियों की दर्दनाक मौत, पाकिस्तान के गिलगित में मचा हाहाकार

पाकिस्तान के पर्वतीय क्षेत्र गिलगित-बाल्टिस्तान में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 11 यात्रियों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब गिलगित शहर से यासीन घाटी स्थित हुंदुर गांव की ओर जा रही एक यात्री वैन नोह पुल के समीप अनियंत्रित होकर सीधे उफनती यासीन नदी में जा गिरी। पाकिस्तानी मीडिया संस्थान जियो न्यूज के मुताबिक, गुरुवार देर रात मोड़ पर चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वैन रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

दुर्घटना के शुरुआती घंटों में पांच मौतों की पुष्टि हुई थी, लेकिन जैसे-जैसे नदी के तेज बहाव में तलाशी अभियान आगे बढ़ा, मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11 पहुंच गया। बचाव कर्मियों ने नदी से 11 शव बरामद किए हैं, जबकि बचाए गए तीन घायलों को तुरंत घिजिर जिले के मुख्यालय गाहकुच स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रात के घने अंधेरे और नदी के बर्फीले पानी के चलते राहत और बचाव कार्य में भारी रुकावटें आईं। अधिकारियों का कहना है कि वैन में सवार यात्रियों की कुल सटीक संख्या का अब तक पता नहीं चल सका है, जिसके मद्देनजर गिलगित से भेजी गई विशेष गोताखोर टीम अन्य संभावित लापता लोगों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

गिलगित-बाल्टिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में खतरनाक मोड़ों और तेज रफ्तार के चलते लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। इससे पहले 7 नवंबर को भी इसी क्षेत्र से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला था, जब हुंजा से रावलपिंडी जा रही एक यात्री बस हजारा मोटरवे पर हवेलीयन इंटरचेंज के पास ट्रेलर से टकरा गई थी। उस दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौत हुई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और रात के सफर को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।