मुलायम पूरी तरह अखिलेश के साथ, सपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

img

Lucknow. मुलायम सिंह यादव अब पूरी तरह सपा को चुनावी जंग में जिताने में जुट गए हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष व अपने बेटे अखिलेश यादव के साथ मिल कर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने और सपा को जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा से सावधान रहने की जरूरत है।

मुलायम सिंह यादव

सपा कार्यालय में सोमवार को मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की मुद्दा भटकाने वाली रीति-नीति से सावधान रहें और समाजवादी विचारधारा का अनुसरण करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान के मौके पर समाजवादी पार्टी की मजबूती से जीत सुनिश्चित करें। मुलायम सिंह यादव हाल के दिनों तक शिवपाल की सेक्युलर पार्टी के कार्यक्रम में भी दिखाई देते रहे हैं। यही नहीं शिवपाल सिंह यादव ने भी उन्हें सेक्युलर पार्टी के बैनर पर चुनाव लड़ने की पेशकश कर दी थी।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अन्य पार्टियों में अंतर है समाजवादी पार्टी अपने वादे निभाते हैं। समाजवादी सरकार में मुफ्त दवाई, पढ़ाई, सिंचाई की व्यवस्था थी। किसानों को सुविधाएं थी। नौजवानों को रोजगार मिला।
भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया है। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये जमा करने का वादा किया पर एक पैसा नहीं आया। अच्छा होता 5-5 लाख या 3-3 लाख की किश्तों में ही अदा कर देते। भाजपा ने एक भी जनहित का काम नहीं किया है। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को लेकर चुनाव में जाने पर जीत अवश्य मिलेगी।

फैसले के वक्त जनता दूसरे मुद्दों में उलझ जाती है : अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा देश जान गया है कि भाजपा ने लोगों को ठगा है। जिनसे मुकाबला है उनमें असली मुद्दों से ध्यान बंटाने की ताकत है। भाजपाई जो मुद्दा चाहते है उसे ही सोशल मीडिया, टीवी और समाचार पत्रों में प्रचारित कर देते हैं जिसमें सच झूठ का पता आसानी से नहीं मिल पाता। इसलिए हमें सावधान रहना है। उन्होंने कहा फैसले की घड़ी में जनता दूसरी बातों में भी फंस जाती है, हमें उससे भी सचेत रखना है।

Related News