नई दिल्ली ।। राजधानी दिल्ली के राज पार्क में शुक्रवार दोपहर को दामाद ने अपने भाइयों के साथ मिलकर अपने ससुर की पीट पीटकर हत्या कर दी। जांच करने पर पता चला कि पत्नी के साथ चलने से मना करने पर आरोपी ने ससुर को मार डाला।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय ताहिर के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया है। ताहिर परिवार के साथ सुल्तानपुरी के एफ 6 ब्लॉक में रहते थे। उनका मांस का कारोबार है। उनकी बेटी रेहाना ने 4 साल पहले मोहम्मद अली नाम के युवक से प्रेम विवाह कर लिया था।
मोहम्मद अली का घर ताहिर के घर के सामने है। आरोप है कि मोहम्मद अली आए दिन शराब के नशे में धुत होकर पत्नी की पिटाई करने लगा जिसका ताहिर विरोध करता था। इसी वजह से दोनों परिवारों में अक्सर विवाद भी होता रहता था।
घर के सदस्यों का कहना है कि ताहिर ने अपने बेटे आसिफ की शादी संगम विहार निवासी युवती से तय की थी। शनिवार को आसिफ की बारात जानी थी। इसीलिए रेहाना को 14 तारीख को ससुराल से मायके बुला लिया गया। मोहम्मद अली ने इसका विरोध किया। लेकिन आसिफ बहन को साथ ले आया।
शुक्रवार दोपहर रेहाना पिता ताहिर के साथ बाजार से लौट रही थी। रास्ते में मोहम्मद अली अपने भाइयों के साथ मिला और उसे साथ लेकर जाने की जिद करने लगा। लेकिन, रेहाना ने मना कर दिया। जबर्दस्ती करने पर ताहिर ने विरोध किया तो आरोपी ने भाइयों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।