
लखनऊ ।। छठवें चरण में चार मार्च को मुलायम सिंह यादव के गढ़ आजमगढ़ में मतदान होना है। लिहाजा पार्टी ने प्रबंधकों को वहां डेरा डालने का फरमान जारी किया है।
आजमगढ़ जिले में दस विधानसभा क्षेत्र हैं, इनमें से नौ पर सपा का कब्जा है। जिले में दो लोकसभा क्षेत्र हैं। इनमें से मुलायम के आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र में गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर, आजमगढ़ (सदर) और मेहनगर विधानसभा क्षेत्र आते हैं। वर्ष 2012 में मुबारकपुर को छोड़कर सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में सपा का कब्जा था। इनमें तीन विधायक यादव, तीन मुसलमान, एक कुर्मी और दो अनुसूचित जाति के हैं।
सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए सपा ने यहां से बलराम यादव और दुर्गा प्रसाद यादव को कैबिनेट मंत्री, वसीम अहमद को राज्यमंत्री बनाया था। इसके साथ ही राम दुलार राजभर को अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम का अध्यक्ष, राम आसरे विश्वकर्मा को पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मुलायम ने बलराम व दुर्गा को आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं को साधने का जिम्मा दे रखा था।
अब छठवें चरण में इस जिले में मतदान होना है, मुलायम सिंह यादव के आजमगढ़ जाने का अब तक कोई कार्यक्रम नहीं बना है। इस पूरे चुनाव में उन्होने सिर्फ तीन सभा की है। अलबत्ता जौनपुर में उनकी एक जनसभा जरूर प्रस्तावित है। इन परिस्थितियों में आजमगढ़ जिले व संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर वर्ष 2012 की कामयाबी दोहरानी की चुनौती बढ़ गई है।