img

यूपी किरण ब्यूरो

लखनऊ/बलरामपुर ।। कानून-व्यवस्था को सुधारने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालात तो यह है कि आईएएस में सलेक्शन होने के बाद 10 अप्रैल को इंटरव्यू के लिए जा रहे छात्र की 9 अप्रैल को जमकर पिटाई की गई। उसके ऊपर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। उसके मुंह और आंख में रेत भर दिया गया। पुलिस केवल तमाशबीन बनी हुई है।

घटना शनिवार देर रात गैसड़ी कोतवाली के मनकापुर गांव में हुई। यूपी के बलरामपुर में एक दलित युवक को आईएएस के साक्षात्कार में शामिल होने से रोकने के लिए अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा। उसकी आंख व मुंह में रेत भर दी। उस पर चाकू से भी हमला किया।

इस युवक का साक्षात्कार 10 अप्रैल (आज) को दिल्ली में हो रहा है। मनकापुर निवासी महेश कुमार भारती (22 वर्ष) पुत्र गंगा शरन बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में एमए (भूगोल) प्रथम वर्ष का छात्र है। उसने वर्ष 2016 की आईएएस मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की है।

वह शुक्रवार को वाराणसी से मनकापुर गांव अपने घर आया था। वह शनिवार रात करीब नौ बजे गांव के बाहर शौच के लिए जा रहा था। महेश के मुताबिक तभी दो बाइक पर सवार होकर आए छह लोगों ने उसे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वे पहले से ही वहां घात लगा कर बैठे थे। एक हमलावर ने उस पर चाकू से हमला किया। हमलावरों ने उसके मुंह व आंख में रेत भर दी। उसका गला भी दबाया। तभी किसी बाइक सवार राहगीर के आने पर हमलावर भाग निकले।

महेश के बाएं हाथ व सीने में कटे का निशान है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वह हमलावरों को पहचानता नहीं है।

मुंह में भर दी रेत
उसने घर आकर मामले की जानकारी दी। परिवारजन देर रात उसे लेकर कोतवाली गए। वहां से उसे इलाज के लिए बलरामपुर के मेमोरियल चिकित्सालय ले जाया गया। जहां रात भर उसका इलाज चलता रहा। सुबह उसकी हालत सुधरी है। मुंह में रेत भर दिए जाने के कारण वह ठीक से बोल नहीं पा रहा है।

महेश के बड़े भाई बिन्देश्वरी भारती ने बताया कि उनके परिवार की किसी से रंजिश नहीं है। यह काम ऐसे लोगों का है जो मेरे भाई को आईएएस बनता नहीं देखना चाहते। ऐसे ही लोगों ने उसे साक्षात्कार में जाने से रोकने के लिए हमला किया है।

पीड़ित का दर्ज किया बयान
गैसड़ी के प्रभारी निरीक्षक सम्पूर्णानंद तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़ित से मिल कर उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंन कहा कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।

--Advertisement--