
7 तारीख से तेलंगाना, मिजोरम, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा इलेक्शन के लिए वोटिंग होनी है। यूं तो इन सभी राज्यों के चुनाव खासा अहम हैं, पर राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों की नजर तीन प्रदेशों पर अटकी हुई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव अगले साल होने जा रहे लोकसभा इलेक्शन के सेमीफाइनल माने जा रहे हैं।
ऐसे में एक ताजा सर्वे सामने आया है, जिसमें तीनों राज्य के लोगों ने अपना मूड बताया है। मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है। सूबे में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 116 का जादुई आंकड़ा पार करना होगा। एबीपी न्यूज के लिए सी वोटर ने फाइनल सर्वे किया है। सर्वे के मुताबिक राज्य में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। जी हां, सर्वे की माने तो 230 में से 118 सीटों पर कांग्रेस कब्जा कर सकती है।
वहीं भाजपा के खाते में 99 से 111 और अन्य के खाते में 0 से 2 सीटें जा सकती हैं। राज्य में कांग्रेस को 44 फीसदी वोट मिल सकता है। वहीं भाजपा को 42 पर्सेंट और अन्य को 14 फीसदी वोट मिल सकता है। बात राजस्थान की करें तो फिलहाल राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। सूबे में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 101 का जादुई आंकड़ा पार करना होगा। सर्वे के मुताबिक राजस्थान में भाजपा की सरकार बन सकती है। सर्वे की माने तो 200 सीटों में से 114 से 124 सीटों पर भाजपा कब्जा कर सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में 67 से 70 सीटें और अन्य के पास 5 से 13 सीटें जा सकती है।
उधर, छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस की सरकार है। राज्य में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 46 का जादुई आंकड़ा पार करना होगा। सर्वे के अनुसार राज्य में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। सर्वे की माने तो 90 सीटों में से 45 से 51 सीटों पर कांग्रेस कब्जा कर सकती है। वहीं भाजपा के खाते में 36 42 सीटें और अन्य के खाते में 2 से 5 सीटें जा सकती है।