
पुदीना न केवल खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि आयुर्वेद में इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना गया है। खासकर गर्मियों के मौसम में पुदीना शरीर को ठंडक देने और पाचन तंत्र को मजबूत करने में मदद करता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व पेट की गर्मी को शांत करते हैं और गैस, अपच जैसी समस्याओं को दूर करने में सहायक होते हैं।
अगर आप भी पुदीने को अपने रोजमर्रा के खानपान में शामिल करना चाहते हैं, तो यहां दिए जा रहे हैं कुछ आसान और असरदार तरीके।
1. नींबू-पुदीना पानी
पुदीने का सबसे आसान और असरदार तरीका है नींबू के साथ पुदीना पानी पीना।
कुछ ताजे पुदीने के पत्ते लें और हल्के हाथों से क्रश करें।
इन्हें एक गिलास पानी में नींबू के रस के साथ मिलाएं।
चाहें तो थोड़ा सा काला नमक और भुना जीरा भी डाल सकते हैं।
यह ड्रिंक न सिर्फ स्वाद में बढ़िया होता है, बल्कि यह शरीर को हाइड्रेट रखने और पाचन सुधारने में भी मदद करता है।
2. पुदीना छाछ और रायता
गर्मियों में पुदीना छाछ या रायता शरीर को ठंडक देने का बेहतरीन विकल्प है।
दही में बारीक कटा हुआ पुदीना मिलाएं।
स्वाद के लिए भुना जीरा और थोड़ा सा काला नमक डालें।
यह डिश पाचन को दुरुस्त रखती है और गर्मियों में लू से बचाव में भी सहायक होती है।
3. पुदीना चटनी
खाने के साथ पुदीने की चटनी हर रोज शामिल करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है।
पुदीना के साथ आप टमाटर, हरी मिर्च, नींबू और कच्चे आम भी मिला सकते हैं।
चाहें तो धनिया के साथ मिक्स करके भी चटनी बना सकते हैं।
यह चटनी न सिर्फ स्वाद बढ़ाती है बल्कि यह पेट की कई समस्याओं को भी दूर करती है।
4. पुदीना चाय
पुदीना की चाय भी एक बढ़िया विकल्प है, खासकर अगर आप डिटॉक्स करना चाहते हैं।
2 कप पानी में मुट्ठीभर पुदीने की पत्तियां डालें।
पानी को तब तक उबालें जब तक वह एक चौथाई रह जाए।
अब इसे छानकर गर्म-गर्म पी लें।
यह चाय पेट की जलन, गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत देती है।
5. दही-पुदीना डिप
यदि आप स्नैक्स या सलाद खाते हैं तो दही और पुदीना का डिप तैयार कर सकते हैं।
दही में पुदीने की पत्तियां, थोड़ा नमक और नींबू मिलाएं।
यह हेल्दी और टेस्टी दोनों होता है।