img

घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी के चलते जहां उत्तर भारत के सभी प्रदेशों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं पंजाब में न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। पंजाब का नवांशहर और हरियाणा का महिंदरगढ़ सबसे ठंडे शहर रहे। मौसम विभाग ने 16-17 जनवरी को पंजाब में घने कोहरे और ठंड का रेड अलर्ट भी जारी किया है.

मौसम विशेषज्ञों ने पंजाब के 16 जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। कपूरथला, जालंधर, फाजिल्का, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मनसा, संगरूर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला घने कोहरे से ढके हुए हैं। यहां सुबह दृश्यता 25 मीटर से भी कम थी. पंजाब में राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से संदेश भेजे गए हैं, जिसमें आज दोपहर 3.30 बजे तक हालात खराब रहने का अनुमान है।

घने कोहरे के कारण पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम 1 डिग्री तापमान के साथ लुधियाना पंजाब का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर चलने का अनुमान है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

 

--Advertisement--