img

बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। रेलवे अब सहरसा से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी में है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो कोसी और उत्तर बिहार के लाखों यात्रियों को दिल्ली तक के सफर में 5 घंटे की बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में जहां मुजफ्फरपुर से दिल्ली पहुंचने में 18 से 22 घंटे लगते हैं, वहीं वंदे भारत के जरिए यह दूरी महज 13 घंटे में तय की जा सकेगी।

आधिकारिक रूट की घोषणा अभी बाकी

समस्तीपुर रेल मंडल ने इस परियोजना को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वंदे भारत के संभावित रूट में सहरसा, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र (पटना), डीडीयू और लखनऊ शामिल हो सकते हैं। हालांकि, रेलवे बोर्ड की ओर से आधिकारिक रूट की घोषणा अभी बाकी है।

सूत्रों के मुताबिक, विद्युत इंजीनियरिंग विभाग की टीम सहरसा स्टेशन पर ओवरहेड वायर और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे को अंतिम रूप देने में लगी हुई है। जल्द ही वंदे भारत और अमृत भारत दोनों ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म तैयार हो जाएगा।

फिलहाल इस बात पर असमंजस बना हुआ है कि सहरसा-नई दिल्ली वंदे भारत में चेयर कार कोच होंगे या स्लीपर। रेल बोर्ड इस पर मंथन कर रहा है। यात्रियों की लंबी दूरी और रात के सफर को देखते हुए स्लीपर कोच की मांग उठ रही है।

जहां एक ओर वंदे भारत की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को सहरसा से अमृत भारत ट्रेन का उद्घाटन कर सकते हैं। यह ट्रेन दरभंगा और सीतामढ़ी होकर दिल्ली तक जाएगी।