img

यूपी किरण डेस्क। हिमाचल में तीन दिनों से जारी कांग्रेस का सियासी संकट टल गया है। आज शाम डीके शिवकुमार, हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे। इस दौरान छह सदस्यों की समन्वय समिति (को-ऑर्डिनेशन) बनाने की भी घोषणा की गयी। यह समन्वय समिति सरकार और संगठन के बीच सेतु का काम करेगी। इसी के साथ हिमांचल प्रदेश में बीजेपी का ऑपरेशन लोटस भी फेल हो गया।

हिमांचल प्रदेश में सरकार पर आये संकट के टालने के बाद कांग्रेस आलाकमान की तरफ से शिमला भेजे गए कांग्रेस के संकटमोचक कहे जाने वाले डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मीडिया से मुखातिब हुए। डीके शिवकुमार ने कहा कि हमने कांग्रेस के सभी विधायकों से बात की है और सारे मतभेद दूर हो गए हैं और सभी एकजुट हैं। हम सरकार और पार्टी संगठन के बीच समन्वय समिति बना रहे हैं। जल्द ही इसकी घोषणा दिल्ली से की जायेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम बने रहने के मीडिया के सवाल पर डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार है और सुक्खू सीएम हैं।

इस दौरान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी की पराजय पर अफसोस है।  कांग्रेस ने एक सीट खो दी है। सारे विधायकों से सहमति बनी है अब आगे से एक होकर पूरी ताकत से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। हुड्डा ने कहा कि जल्द ही एक समन्वय समिति बनाई जाएगी, सीएम, डिप्टी सीएम, पीसीसी अध्यक्ष और तीन अन्य लोग शामिल होंगे। ये समिति आपस में सहमति बनाने का काम करेगी।  अब यहां बीजेपी का कोई और ऑपरेशन लोटस नहीं चलेगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव हमारी अगली चुनौती है। यहां कांग्रेस पहले भी मजबूत थी और आज भी मजबूत है। हम हिमाचल की चारों लोकसभा सीट जीतेंगे। वहीं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी ने षड्यंत्र के तहत मेरे इस्तीफे की झूठी खबर फैलाई। हमारी सरकार पांच साल चलेगी। बीजेपी को जनता जवाब देगी।  
 

--Advertisement--