
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ी राहत मिल गई है। आयकर अपीलीय अधिकरण ने सुनवाई लंबित रहने तक अर्थात बुधवार तक कांग्रेस पार्टी के खातों पर लगी रोक हटा दी है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता अजय माकन ने आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव की घोषणा से कुछ दिनों पहले वर्ष 2018-19 के आयकर रिटर्न को आधार बनाकर कांग्रेस के कई बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है और पार्टी से 210 करोड़ रुपये की रिकवरी मांगी गयी है।
कांग्रेस नेता अजय माकन मीडिया से मुखातिब थे।उन्होंने कहा कि हमने आयकर अपीलीय प्राधिकरण में याचिका दाखिल की है। उसकी वर्चुअली सुनवाई हो रही है और हमारी तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता और सांसद विवेक तन्खा पेश हो रहे हैं। इसके बाद विवेक तन्खा ने बताया कि कांग्रेस के खातों पर से बुधवार तक रोक हटा ली गयी है। हमने इनकम टैक्स अपेलेट ट्रिब्यूनल के समक्ष अपना पक्ष रखा।इसके बाद कोर्ट ने यह आदेश दिया। अब अगली सुनवाई बुधवार को होगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस के कुल नौ खाते फ्रीज किए गए हैं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने संवाददाताओं से कहा कि यह जानकर आप लोगों को आश्चर्य होगा कि भारत में लोकतंत्र पर पूरी तरह से तालाबंदी कर दी गई है। हम लोगों को 14 फरवरी जानकारी मिली कि हम जो चेक जारी कर रहे हैं, बैंक उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं। जब छानबीन की तब पता चला कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं।
अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज नहीं हुए हैं, बल्कि देश का लोकतंत्र फ्रीज हो गया है। अजय माकन ने कहा कि ‘लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम घोषित होने के ठीक पहले कांग्रेस के खाते फ्रीज करके सरकार क्या दिखाना चाहती है? माकन ने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर आयकर अपीलीय अधिकरण के समक्ष रखा है। हमें उम्मीद है कि न्यायपालिका लोकतंत्र की रक्षा करेगी।