img

लखनऊ। पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला योगी सरकार को हलकान कर सकता है। परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रतियोगी आंदोलित हैं। 17 और 18 फरवरी को हुई पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था। इसके विरोध में बड़ी तादाद में प्रतियोगी छात्र प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग के गेट के सामने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन कर रहे थे। राजधानी स्थित इको पार्क में भी प्रतियोगी छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार को चेताया। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी प्रतियोगी परीक्षार्थियों के समर्थन में खुलकर उत्तर आये हैं।

काफी इन्तजार के बाद गत 17 और 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबिल की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गयी थी। लेकिन पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही प्रतियोगियों में आक्रोश दिखने लगा। प्रयागराज में लोकसेवा आयोग के सामने आंदोलन में शामिल एक प्रतियोगी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के खिलाफ हमारा आंदोलन जारी है। हमारी मांग है कि यह परीक्षा निरस्त की जाए और लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत को तत्काल पद से हटाया जाए।

शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में भी पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का आक्रोश दिखा। हजारों की तादाद में अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का आरोप लगाते हुए ईको गार्डेन में प्रदर्शन किया। प्रतियोगियों ने बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुनर्परीक्षा कराने की मांग की है। प्रदर्शनस्थल पर पीएसी समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए प्रतियोगी छात्रों से  23 फरवरी को शाम छह बजे तक सुसंगत प्रमाण मांगा है।

इधर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिब प्रियंका गांधी भी खुलकर अभ्यर्थियों के समर्थन में आ गयी हैं। प्रियंका गांधी ने 'एक्स' पर लिखा, फिर से परीक्षा, फिर से परीक्षा…बस एक बार सोच कर देखिए- 50 लाख से अधिक युवाओं ने फॉर्म भरा। ये प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी परीक्षा थी। 400 रुपये का एक फॉर्म था। 48 लाख एडमिट कॉर्ड जारी हुए और परीक्षा का पेपर पहले ही लीक हो गया। क्या बीत रही होगी बच्चों पर? उनके परिवारों पर? ऐसा ही आरओ एग्जाम में हुआ। पेपर लीक हो गया।'

प्रियंका ने आगे लिखा - 'उत्तर प्रदेश के एक-एक गांव में यह चर्चा हो रही है। सरकार सो रही है। लड़के-लड़कियां इलाहाबाद, मेरठ से लखनऊ तक चीख-पुकार-प्रदर्शन कर रहे हैं और पुर्नपरीक्षा की मांग कर रहे हैं। सरकार उन्हें अपमानित कर रही है, लाठियों से पिटवा रही है।’  प्रियंका ने आगे लिखा, ‘कौन कराता है ये पेपर लीक? कैसे होता है ये पेपर लीक? चांद-मंगल पर जाने वाला हमारा देश एक फुलप्रूफ परीक्षा नहीं करा सकता, जहां एक युवा की मेहनत चोरी न हो, उसके भविष्य पर डाका न पड़े!'।

इसी तरह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने  'एक्स' पर पोस्ट किया, 'इलाहाबाद लोक सेवा आयोग पर प्रतियोगी छात्रों का जो आंदोलन चल रहा है, हम उनके साथ हैं। दरअसल, भाजपा किसी भी परीक्षा को पूरा नहीं करना चाहती है, क्योंकि उसके बाद नौकरी देनी होगी और नौकरी में आरक्षण देना होगा। भाजपा न नौकरी देना चाहती है, न आरक्षण। यूथ कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!'। 

--Advertisement--