
वाशिंगटन: अमेरिकी सरकार ने देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। होमलैंड सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका में बिना पंजीकरण 30 दिनों से अधिक समय तक रुकने वाले विदेशी नागरिकों को कड़ी सजा दी जाएगी, जिसमें भारी जुर्माने से लेकर जेल तक शामिल है।
कौन आएगा इस कानून के दायरे में?
नया आदेश तुरंत उन विदेशी नागरिकों को प्रभावित नहीं करेगा जो वैध वीजा पर अमेरिका में रह रहे हैं, जैसे एच-1बी वर्क वीजा या स्टूडेंट वीजा रखने वाले लोग। हालांकि, जो लोग अपनी वीजा शर्तों का उल्लंघन करते हैं—जैसे नौकरी गंवाने के बाद भी देश में बने रहते हैं या वीजा समाप्त होने के बावजूद अमेरिका नहीं छोड़ते—वे इस आदेश की जद में आएंगे।
पंजीकरण अनिवार्य, उल्लंघन पर सख्त सजा
होमलैंड सुरक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि अमेरिका में 30 दिनों से अधिक समय तक रहने वाले सभी विदेशी नागरिकों को संघीय सरकार के साथ पंजीकरण करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर इसे अपराध माना जाएगा, और दोषी पाए जाने पर उन्हें जेल की सजा या जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
जुर्माना और कारावास की सजा
नए नियमों के तहत, अमेरिका में अवैध रूप से रहने वालों को हर दिन के लिए 998 डॉलर का जुर्माना देना होगा। इसके अतिरिक्त, एकमुश्त 5,000 डॉलर तक का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है। यह कदम उन लोगों पर विशेष रूप से लागू होगा जो न केवल वीजा अवधि समाप्त होने के बाद रुकते हैं, बल्कि सरकार द्वारा निर्धारित पंजीकरण प्रक्रिया का पालन भी नहीं करते।
सरकार की चेतावनी: खुद निकल जाओ, वरना जेल
होमलैंड सुरक्षा विभाग ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में सख्त लहजे में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और सेक्रेटरी नोएम का अवैध प्रवासियों के लिए स्पष्ट संदेश है—अब भी समय है, खुद चले जाओ, नहीं तो जेल तैयार है। विभाग ने यह भी कहा कि जिन लोगों के पास लौटने के लिए पैसे नहीं हैं, वे सरकार की ओर से सब्सिडी वाली घर वापसी की फ्लाइट के लिए पात्र हो सकते हैं।