केशव प्रसाद मौर्य ने सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा की डबल इंजन सरकार का संकल्प 'सर्वे संतु निरामया' है। आज यूपी में एम्स जैसे संस्थान संचालित हैं और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिल रही है। सपा को विकास के आंकड़ों पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
सपा का कार्यकाल भ्रष्टाचार और अराजकता का प्रतीक था- केशव प्रसाद मौर्य ने निशाना साधते हुए कहा कि सपा के समय में स्वास्थ्य विभाग केवल भ्रष्टाचार का केंद्र बना हुआ था। एंबुलेंस सेवाएं ठप रहती थीं और अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य माफियाओं का अंत कर जनता को पारदर्शी और सुलभ सेवा प्रदान की है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया है। अस्पतालों में बेड क्षमता बढ़ाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने का व्यापक कार्य किया गया है। जहां-जहां आवश्यकता पाई गई है, वहां चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की भर्ती एवं तैनाती निरंतर की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश के करोड़ों लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है और सरकारी अस्पतालों में उपचार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया गया है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है तथा आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पहले से अधिक सशक्त बनाया गया है। नई एम्बुलेंसों की तैनाती, जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के कारण आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक प्रभावी हुई हैं। दुर्घटना, प्रसूति तथा नवजात शिशुओं के उपचार में इन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।




