img

Lucknow News: चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक फर्जी महिला TTE पकड़ी गई है। वो TTE की वर्दी पहने, गले में आई-कार्ड और हाथ में कलम और कागज लिए यात्रियों की टिकट चेक कर रही थी। लेकिन पूछताछ के दौरान वह अपनी पोस्टिंग या विभाग के बारे में अन्य जानकारी नहीं बता सकी। उसे संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का नाम काजल सरोज है। वह केवल 22 वर्ष की है। उसके पास से एक फर्जी पहचान पत्र मिला, जिस पर उसका नाम, पता और कर्मचारी संख्या आदि अंकित थी। मगर जब स्टेशन अधीक्षक अरविंद बघेल ने जांच की तो पता चला कि उनका कर्मचारी क्रमांक, पदनाम और तैनाती स्थान सब फर्जी था।

पूरा मामला तब सामने आया जब एक महिला टीसी ने काजल को TTE बनकर वेटिंग रूम के शौचालय में टिकट चेक करते देखा। उसने तुरंत मामले की सूचना अधिकारियों को दी, जिन्होंने बाद में काजल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और बाकी जानकारी जुटा रही है।

अधिकारियों ने पाया कि काजल के आई-कार्ड पर उसकी जन्मतिथि 16 मार्च 2002 दर्ज है और नियुक्ति की तारीख 25 मार्च 2021 है। रेलवे के नियमों के अनुसार, TTE के पद पर कोई सीधी नियुक्ति नहीं होती है, बल्कि पुरुष/महिला टीसी को TTE बनने के लिए पदोन्नत किया जाता है। इसके लिए लगभग 14 से 15 वर्ष का अनुभव जरूरी है। लेकिन काजल 22 साल की उम्र में TTE के रूप में काम कर रही थी।