_1109526770.png)
Up Kiran, Digital Desk: मेघालय में लापता हुए इंदौर के दंपत्ति के मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। राजा रघुवंशी का शव घाटी में मिलने के बाद उनकी पत्नी सोनम को आज (9 जून) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से अरेस्ट किया गया। जांच में पता चला है कि सोनम ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की बेरहमी से हत्या की।
सोनम के साथ मध्य प्रदेश और यूपी के 3 हमलावरों को भी गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
क्या है मामला?
यह मामला मध्य प्रदेश से शुरू होता है। सोनम और राजा की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। इसके बाद दोनों 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। मगर मेघालय पहुंचने के दो दिन बाद ही परिवार वालों का दंपत्ति से संपर्क टूट गया। दोनों के फोन बंद आने लगे। परिवार ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद दोनों को खोजने के लिए मेघालय की पहाड़ियों में अभियान चलाया गया। कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए।
मेघालय में मिला राजा का शव
कुछ दिनों की तलाश के बाद सोनम की जैकेट झाड़ियों में मिली। इसके बाद पुलिस को वह स्कूटी भी मिल गई, जिसे दोनों ने किराए पर लिया था। काफी कोशिशों के बाद 2 जून को पुलिस को राजा रघुवंशी का शव एक घाटी में मिला। मगर सोनम अभी भी लापता थी। एक तरफ इंदौर में राजा का शव मिलने के बाद उसका परिवार गम में डूबा हुआ था, वहीं दूसरी तरफ सोनम का परिवार उसके वापस आने की उम्मीद कर रहा था।
आखिरकार उत्तर प्रदेश में मिली सोनम
मेघालय और मध्य प्रदेश में लंबी तलाश के बाद आखिरकार सोनम उत्तर प्रदेश में मिली। यहां गाजीपुर के नंदगंज के एक ढाबा मालिक ने 112 पर कॉल किया। उसने पुलिस को बताया कि सोनम ढाबे पर खाना खाने आई थी। इसके बाद इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस से सोनम को गिरफ्तार करने को कहा। यूपी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोनम और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
--Advertisement--