img

Up Kiran, Digital Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महागठबंधन के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उनके साथ राजद नेता और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों पर तीखी टिप्पणियां की, जिनमें वोट चोरी से लेकर छोटे व्यवसायों की दुर्दशा तक शामिल थे।

वोट चोरी का आरोप: मोदी पर तीखा हमला

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का छठ पूजा और यमुना नदी से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा ने बिहार और महाराष्ट्र में चुनावों के दौरान वोट चुराए।" राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सिर्फ वोट हासिल करने के लिए जनता को भ्रमित करते हैं। उनका यमुना से कोई संबंध नहीं है, बल्कि वो तो बस वोटों की तलाश में रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और मोदी ने महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनावों में धांधली की, और अब बिहार में भी ऐसा करने का प्रयास करेंगे।

जीएसटी पर राहुल गांधी की तीखी आलोचना

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लागू किए गए जीएसटी की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने छोटे व्यापारियों को "नष्ट" कर दिया है और आज हर उत्पाद चीन में बनता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "आपके फोन के पीछे क्या लिखा है? मेड इन चाइना। मोदी जी ने नोटबंदी और जीएसटी के जरिए छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया। अब हर चीज चीन से आ रही है, जबकि हमें 'मेड इन बिहार' चाहिए। हमें इस बिहार में नए रोजगार और उद्योगों की जरूरत है।"

संविधान पर हमला करने का आरोप

राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान के प्रति अपने दावे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और आरएसएस संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने कहा आप जो कुछ भी आज तक पाए हैं, वह संविधान के कारण है। नरेंद्र मोदी और आरएसएस इसे खत्म करने पर तुले हुए हैं। जब वे वोट चुराते हैं या संस्थानों पर कब्जा करते हैं, तो वे संविधान पर हमला करते हैं। हम इसे बचाएंगे।

नीतीश कुमार पर राहुल की टिप्पणी

राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने जदयू के नेतृत्व को अपने नियंत्रण में कर लिया है। उन्होंने यह आरोप लगाया कि नीतीश कुमार का चेहरा महज एक उपकरण बन गया है, जबकि असली रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है। राहुल ने कहा कि आपको यह नहीं सोचना चाहिए कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में अति पिछड़ों की आवाज़ सुनी जाती है। भाजपा ही इस सरकार को चला रही है,।