
नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज और बदल सकता है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम, केरल और असम जैसे राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ इलाकों में गर्मी और लू का दौर भी जारी रहने वाला है।
तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश का अलर्ट
14 अप्रैल को मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। असम और मेघालय में 14 से 16 अप्रैल के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में 15 और 16 अप्रैल को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, झारखंड और मध्य प्रदेश में 14 और 15 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बिजली आपूर्ति में बाधा जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।
इन इलाकों में गर्मी करेगी परेशान
गर्मी से राहत की खबर जहां कई राज्यों से आ रही है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि 14 और 15 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में लू चल सकती है। इसके अलावा, 16 से 18 अप्रैल के बीच पंजाब और हरियाणा में, जबकि 16 से 19 अप्रैल के बीच पूर्वी राजस्थान में लू के हालात बन सकते हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान अगले 5 से 6 दिनों के दौरान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में फिर से बढ़ी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का रुख एक बार फिर गर्म होने लगा है। रविवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। शनिवार को यह तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 20.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शनिवार की तुलना में अधिक था।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में राजधानी में गर्मी और बढ़ सकती है। दिन के समय तेज धूप और हल्की गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलते समय सतर्क रहना चाहिए। डॉक्टरों ने भी सलाह दी है कि लोग हाइड्रेटेड रहें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।