img

Up Kiran, Digital Desk: शुक्रवार को पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब 54 यात्रियों को ले जा रही एक टूर बस इंटरस्टेट-90 पर पलट गई। इस दुर्घटना में पाँच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। यात्रियों में भारतीय पर्यटक भी शामिल थे।

यह हादसा बफ़ेलो शहर से लगभग 40 किलोमीटर पूर्व पेमब्रोक इलाके में स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे से कुछ पहले हुआ। न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि बस चालक का ध्यान भटक गया था, जिसके चलते उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बाद में बस बाईं ओर झुककर पलट गई।

पुलिस मेजर आंद्रे रे ने बताया कि “जाँच अभी जारी है, लेकिन यांत्रिक खराबी या चालक की स्वास्थ्य स्थिति को फिलहाल वजह नहीं माना जा रहा। चालक दुर्घटना में सुरक्षित बच गया है और जांच में सहयोग कर रहा है। अभी तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।”

घायल यात्रियों का इलाज जारी

हादसे के बाद बचाव कार्य तेज़ी से शुरू किया गया। बस में 1 साल के बच्चे से लेकर 74 साल तक की उम्र के यात्री सवार थे। हादसे में घायल अधिकांश यात्रियों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पाँच वयस्कों की घटनास्थल पर ही मौत हुई। जबकि बाकी यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया, जहां सिर की चोट से लेकर हाथ-पाँव टूटने तक की गंभीर चोटों का इलाज चल रहा है।

--Advertisement--