img

Up Kiran, Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। सरकाघाट क्षेत्र के मसेरन के पास तरंगला में एक एचआरटीसी बस का भीषण एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज़्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस सरकाघाट से जामनी दुर्गापुर जा रही थी, तभी अचानक खाई में गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा आज सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस में कुल 20 से 25 यात्री सवार थे। जैसे ही बस तरंगला के पास मसेरन इलाके में पहुँची, अचानक खाई में गिर गई। इस हादसे में बस को भारी नुकसान पहुँचा और कई यात्री बस में ही फंस गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। कुछ ही देर में 108 एम्बुलेंस और सरकाघाट डीएसपी संजीव गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँच गए। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया गया।

घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। डीएसपी संजीव गौतम ने बताया कि हादसे में 2 पुरुषों और 3 महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जाँच की जा रही है।

 

--Advertisement--