
Punjab News: पंजाब-चंडीगढ़ में बीते तीन दिनों में टेम्पेरचर करीब 5 डिग्री तक गिर गया है। बीते कई दिनों में पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद टेम्पेरचर में ये बदलाव देखा जा रहा है। इसके साथ ही देश के मैदानी इलाकों में पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम टेम्पेरचर 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है और टेम्पेरचर में और गिरावट आएगी।
मौसम केंद्र की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, कल पंजाब के 7 जिलों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। जिसमें अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और मनसा में कोहरा गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि यहां विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच सकती है। आज के अलावा रविवार तक पंजाब में कोहरा छाया रहेगा।
आठ दिसंबर से पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक इसका असर दो दिनों तक रह सकता है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला और जालंधर में हल्की बारिश की उम्मीद है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद हिमालय की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी होने की संभावना है। अगर बर्फबारी हुई तो मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ जाएगी।