img

Clashes Erupt in Mhow: भारत ने रविवार रात दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल जीत लिया। भारत की जीत के बाद इंदौर के महू इलाके में कुछ युवा जीत का जश्न मना रहे थे। विजय उत्सव के दौरान जब रैली महू स्थित जामा मस्जिद के पास पहुंची तो दो गुटों के बीच भीषण झड़प हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं। पथराव के साथ ही कई दुकानों में आग लगा दी गई है। महू में हुए दंगों के बाद पुलिस एक्शन मोड में है। इस क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

कैसे भड़की हिंसा

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद कुछ क्रिकेट प्रशंसक इंदौर के महू इलाके में रैली निकाल रहे थे। इस बीच उनकी रैली महू में जामा मस्जिद के पास पहुंच गई। लोग जामा मस्जिद के अंदर नमाज अदा कर रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया। दोनों ओर से पथराव में लोग घायल हुए हैं। इस दौरान कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

महू में हुई हिंसा के बारे में जानकारी देते हुए इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि पथराव के बाद स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जब कलेक्टर से पूछा गया कि घटना कैसे हुई तो उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में बात करेंगे, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।