img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तराखंड की रजत जयंती के विशेष सत्र का तीसरा दिन अचानक अनिश्चितकाल के लिए समाप्त कर दिया गया। सदन में कई बार तू-तू मैं-मैं और ठहाके गूंजे। कपकोट के भाजपा विधायक सुरेश गड़िया के बोलने पर माहौल उग्र और मजेदार दोनों बन गया।

जब गड़िया बोलने के लिए खड़े हुए तो संसदीय कार्य मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी दाढ़ी के बाल भी नहीं फूटे। यह टिप्पणी सुनकर सदन में हँसी का दौर शुरू हो गया। कांग्रेसी विधायक भी ठहाके मारते दिखे। गड़िया ने बोलना शुरू किया तो विपक्ष ने तालियों और मेजों पर थाप कर उनका समर्थन किया।

सत्र में भू कानून और डेमोग्राफी चेंज पर हुई बहस तब और गरमाई जब कांग्रेस के प्रीतम सिंह और भाजपा के मुन्ना सिंह चौहान आमने सामने आ गए। जौनसार बावर की राजनीति के कट्टर विरोधी माने जाने वाले दोनों नेताओं की बहस से वातावरण तनावपूर्ण हो गया।

चकराता के प्रीतम सिंह अपनी बात रख रहे थे। मुन्ना सिंह बार-बार बोलकर उनका भाषण काट रहे थे। मुन्ना ने बनभूलपुरा में अवैध लोगों के हटाने का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस के कई विधायक इस पर सख्त आपत्ति जताने लगे और मुन्ना को घेर लिया।

बार-बार टोकने से प्रीतम भड़क गए और उन्होंने सवाल किया कि क्या दिक्कत है। मुन्ना ने जवाब में कहा कि मुझे धमकाने की कोशिश न करें। कुछ देर के लिए दोनों में गरमागर्मी बनी रही। अंत में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कड़ी आवाज में दोनों को शांत कराया।