img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तरी पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर अब दूर राजस्थान तक महसूस हो रहा है। राज्य में इस बार सर्दी ने तय समय से पहले ही अपनी दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। रविवार के दिन सीकर और टोंक में चली सर्द हवाओं ने सुबह और रात के वक्त तेज ठंड का एहसास कराया।

आने वाले दिनों में मौसम का हाल

मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में अगले चार से पांच दिन तक सर्दी का यह दौर यूँ ही बना रहेगा। तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। सोमवार को दिन में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलेंगी।

पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। सोमवार की सुबह से ही धूप खिली और देर शाम तक आसमान साफ रहा। रविवार को चित्तौड़गढ़ बाड़मेर जैसलमेर जोधपुर फलोदी बीकानेर चूरू नागौर जालोर फतेहपुर और टोंक में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। बाड़मेर में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में यह 29 डिग्री कोटा में 29.1 उदयपुर में 28.8 अजमेर और दौसा में 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

रातें हुई ठंडी पारा गिरा 7 डिग्री तक

रात के समय ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अच्छी खासी गिरावट आई है। बाड़मेर और कोटा को छोड़कर लगभग सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

फतेहपुर में तो न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में यह 7.5 और टोंक के वनस्थली में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इसके अलावा अलवर में 9 चूरू में 9.7 नागौर में 8 सिरोही में 8.8 करौली में 9.5 दौसा में 8.6 झुंझुनूं में 10.5 बारां में 10.3 और अजमेर में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

ठंडी हवाओं की रफ़्तार हुई थोड़ी धीमी

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तरी हरियाणा हिमाचल और आस पास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालाँकि इसका असर काफी कमजोर है। यही वजह है कि उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं की गति कुछ धीमी हो गई है। लोगों को थोड़ी राहत मिली है।