Up kiran,Digital Desk : बिहार विधानसभा में बहुमत परीक्षण के दौरान सियासी दांव-पेंच के साथ-साथ भाषाई चूकों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनकी शपथ के दौरान हुई गलतियों पर घेर रहे थे, तो वे खुद ही एक ऐसी भाषाई गलती कर बैठे कि सत्ताधारी दल के विधायकों को उन्हें टोकने का मौका मिल गया।
तेजस्वी की 'उल्टी' अंग्रेजी पर एनडीए का तंज
सदन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि शपथ ग्रहण के दौरान सम्राट चौधरी तीन-चार शब्द गलत बोल गए। तेजस्वी ने कहा, "कोई बात नहीं है, टंग ऑफ स्लिप होता रहता है।" तेजस्वी के इस जुमले पर एनडीए विधायकों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। सत्ताधारी दल के सदस्यों ने हंसते हुए उनकी गलती पकड़ी और कहा कि मुहावरा 'स्लिप ऑफ टंग' (जीभ का फिसलना) होता है, न कि 'टंग ऑफ स्लिप'। इस भाषाई चूक के बाद सदन में हंसी का माहौल बन गया और तेजस्वी को अपनी गलती माननी पड़ी।
सम्राट चौधरी के 'परिवारवाद' पर तीखा हमला
तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने सम्राट चौधरी के बहाने भाजपा के परिवारवाद विरोधी स्टैंड पर निशाना साधा। उन्होंने कहा:
शकुनी चौधरी का जिक्र: "अब मेरे ऊपर परिवारवाद का आरोप नहीं लगेगा, क्योंकि सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी मंत्री थे और माता जी भी विधायक थीं।"
मोदी जी पर तंज: तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शकुनी चौधरी ने कभी भागलपुर में नरेंद्र मोदी को 'गाड़ देने' की बात कही थी, शायद इसी डर से मोदी जी ने उनके बेटे को मुख्यमंत्री बना दिया।
बिहार के कर्ज और 'फिनिश' होते नीतीश पर सवाल
तेजस्वी ने बिहार की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए:
कर्ज का बोझ: तेजस्वी ने दावा किया कि 2005 में लालू जी ने सरप्लस बजट दिया था, लेकिन आज बिहार पर 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है।
खजाना खाली: उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में पैसे बांटकर खजाना खाली कर दिया गया है और अब वेतन व पेंशन के लिए पैसे नहीं हैं।
नीतीश की स्थिति: उन्होंने तंज कसा कि "25 से 30 विधायक बोलकर भाजपा ने नीतीश जी को पूरी तरह फिनिश कर दिया है।"
"विशेष पैकेज के लिए पीएम के पास चलें"
एक तरफ जहां तेजस्वी ने सरकार को घेरा, वहीं दूसरी तरफ सहयोग का हाथ भी बढ़ाया। उन्होंने सम्राट चौधरी से कहा, "सम्राट जी, आप आगे चलें हम साथ चलेंगे। प्रधानमंत्री जी के पास चलते हैं और बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज मांगकर लाते हैं।" हालांकि, सरकार की ओर से वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने खजाना खाली होने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जरूरी कामों के लिए सरकार के पास पर्याप्त धन है।




