स्लीपर में 40 किलो और AC में 50 किलो! जानिए किस क्लास में कितना सामान ले जाने पर नहीं लगेगा 1 भी चार्ज!
ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे का लगेज नियम जानना बेहद जरूरी हो गया है। हवाई यात्रा की तर्ज पर ट्रेनों में भी अधिक सामान ले जाने को लेकर संसद में स्थिति साफ कर दी गई है। लोकसभा में सांसद वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी के सवाल का जवाब देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के लिए कोच के भीतर मुफ्त सामान ले जाने की सीमा पहले से तय है। यदि कोई मुसाफिर तय फ्री लिमिट से ज्यादा वजन अपने साथ लेकर चलता है, तो उसे निर्धारित दर से 1.5 गुना अधिक अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।
रेल मंत्री द्वारा साझा किए गए क्लास-वार ब्योरे के मुताबिक जनरल यानी सेकेंड क्लास में यात्रा करने वाले मुसाफिर 35 किलोग्राम तक का सामान बिना किसी शुल्क के ले जा सकते हैं, जबकि शुल्क देकर अधिकतम 70 किलो तक वजन ले जाने की अनुमति है। स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए 40 किलो सामान बिल्कुल मुफ्त है और वे शुल्क चुकाकर अधिकतम 80 किलो तक सामान ले जा सकते हैं। एसी 3 टियर और एसी चेयर कार के यात्रियों के लिए फ्री और अधिकतम सीमा दोनों ही 40 किलोग्राम तय की गई है।
अपर क्लास के यात्रियों की बात करें तो फर्स्ट क्लास और एसी 2 टियर में सफर करने वाले लोग 50 किलो तक का सामान मुफ्त ले जा सकते हैं, जबकि अधिकतम सीमा 100 किलोग्राम निर्धारित है। वहीं एसी फर्स्ट क्लास के टिकट पर 70 किलोग्राम तक का लगेज पूरी तरह फ्री है और यहां अधिकतम 150 किलोग्राम तक सामान ले जाया जा सकता है। रेल मंत्री ने साफ किया कि कुल अधिकतम सीमा के भीतर ही मुफ्त सामान का कोटा शामिल रहता है और फ्री लिमिट पार होते ही डेढ़ गुना जुर्माना या चार्ज लागू हो जाता है।
वजन के साथ-साथ रेलवे ने कोच के अंदर ले जाए जाने वाले बैग और सूटकेस के साइज पर भी कड़े दिशानिर्देश दिए हैं। यात्री अपने साथ केवल वही ट्रंक, सूटकेस या बॉक्स कोच में रख सकते हैं, जिनका आकार 100 सेमी x 60 सेमी x 25 सेमी (लंबाई x चौड़ाई x ऊंचाई) के दायरे में हो। यदि किसी भी बैग या बक्से की माप इस तय सीमा से अधिक पाई जाती है, तो उसे किसी भी हाल में पैसेंजर कोच में रखने की अनुमति नहीं मिलेगी और यात्री को उसे अनिवार्य रूप से ब्रेक वैन या पार्सल वैन में बुक कराना होगा।