खुशियां बनीं श्मशान! पटाखों के भयंकर विस्फोट से देश भर में 24 मौतें, अस्पतालों में मची चीख-पुकार!

खुशियां बनीं श्मशान! पटाखों के भयंकर विस्फोट से देश भर में 24 मौतें, अस्पतालों में मची चीख-पुकार!

दीपावली के पर्व पर हुई बेकाबू आतिशबाजी और आग की दिल दहला देने वाली घटनाओं ने कई घरों में खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया। देश के अलग-अलग हिस्सों में पटाखों से लगी आग और धमाकों के चलते 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सबसे बड़ा दर्दनाक हादसा मध्य प्रदेश में सामने आया, जहां कटनी और सिवनी जिलों में दो अलग-अलग कारोबारियों के घरों में आग भड़कने से परिवार के 12 सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इन मृतकों में मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में रविवार देर रात व्यापारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद क्रॉकरी दुकान में पटाखों की चिंगारी से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को घेर लिया, जहां ऊपर की मंजिलों में परिवार गहरी नींद में सो रहा था। आग की भीषण लपटों के बीच दो माह के नवजात सहित परिवार के छह लोग जिंदा जल गए। वहीं दूसरा हादसा सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुआ, जहां सर्राफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब चार बजे आग धधक उठी। चैनल गेट बंद होने के कारण परिवार बाहर नहीं निकल सका और छह लोगों की दम घुटने व जलने से मौत हो गई, जबकि चार लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया गया।

राजधानी दिल्ली में पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने के कारण अस्पतालों की इमरजेंसी में चीख-पुकार मची रही। अकेले दिल्ली में करीब 300 मरीज अस्पतालों में पहुंचे, जिनमें सफदरजंग में 135, एम्स में 42 और अन्य अस्पतालों में 100 से अधिक घायल शामिल हैं। एम्स में 11 गंभीर मरीजों में से पांच की तत्काल सर्जरी की गई, जबकि 45 प्रतिशत झुलसा आठ साल का एक बच्चा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

यूपी में पटाखों ने ली तीन बच्चों की जान

उत्तर प्रदेश में भी आतिशबाजी के दौरान तीन बच्चों की अकाल मौत हो गई। मेरठ में पटाखा देखकर भागते समय फर्श पर गिरी नुकीली वस्तु सिर में धंसने से पांच साल के बच्चे की जान चली गई, फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से किशोर की मौत हुई, जबकि फर्रुखाबाद में पटाखा फोड़ते समय उसका टुकड़ा गले में धंसने से एक बालक की जान चली गई। इसके अलावा कानपुर में पटाखा गिरने से रजाई-तकिया कारखाने व दुकानों में लगी आग से करोड़ों रुपये का माल स्वाहा हो गया।

अन्य राज्यों की बात करें तो पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत की खबर है। पंजाब के जालंधर में घर में आग लगने से एक बुजुर्ग और लुधियाना में 14 साल के बच्चे की जान गई, जबकि राजस्थान के बूंदी और बीकानेर में पटाखों के हादसे में एक-एक बच्चे की मौत हुई। उत्तराखंड के कुमाऊं में आतिशबाजी के दौरान पीएसी के एक जवान की मौत हो गई। हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से 39 वर्षीय महिला की जान चली गई, वहीं बिहार और ओडिशा में भी आग की घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई तथा कई बच्चे झुलस गए। उधर जम्मू की अनाज मंडी वेयरहाउस में आतिशबाजी की चिंगारी से लगी आग में सात दुकानें व गोदाम जलकर राख हो गए, जिससे कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।